देहरादून के क्लेमेंट टाउन में एक युवक का आईफोन चोरी हो गया. चोरों ने पीड़ित की बहन को पासवर्ड पूछने के लिए मेसेज किया. आरोप है कि इलाके में अक्सर चोरी की घटनाएँ होती रहती है. फ़िलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तराखंड के देहरादून से चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. देहरादून के क्लेमेंट टाउन में एक फ्लैट से आईफोन चोरी होने के बाद चोर ने फोन मालिक की बहन को ही मैसेज कर दिया. आरोप है कि चोर ने चोरी किए गए आईफोन का पासवर्ड तक मांग लिया. पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस को CCTV फुटेज और मैसेज के स्क्रीनशॉट समेत कई सबूत दिए गए हैं.
फ्लैट से ही चोरी हो गया फोन
जानकारी के मुताबिक़ यह पूरा मामला क्लेमेंट टाउन स्थित सनशाइन एन्क्लेव का है. शिकायत के मुताबिक 12 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे सक्षम अपने फ्लैट में आईफोन इस्तेमाल कर रहे थे. इसके करीब दो घंटे बाद उन्हें पता चला कि उनका फोन गायब है. फोन की तलाश के बाद जब बिल्डिंग में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें दो संदिग्ध फ्लैट की तरफ आते दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि उस समय कमरे का गेट खुला हुआ था. इसके बाद चोरी की शिकायत पुलिस से की गई और CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराई गई.
चोरी के बाद किया मेसेज
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात भी सामने आई है. पीड़ित की बहन कौशिकी के मुताबिक आईफोन चोरी करने वाले संदिग्ध ने उनसे संपर्क किया. उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने उन्हें लगातार मैसेज भेजे और चोरी किए गए फोन का पासवर्ड मांगा. कौशिकी का कहना है कि इन मैसेज के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं.
पुलिस से की कार्रवाई की माँग
अब इस मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. कौशिकी का दावा है कि संदिग्ध की तस्वीर और CCTV फुटेज सिर्फ उनके मामले तक सीमित नहीं हैं. उनके मुताबिक देहरादून के DIT और Graphic Era University के आसपास भी चोरी की घटनाओं में इसी तरह के संदिग्ध की CCTV फुटेज सामने आई है.
अक्सर सामने आती चोरी की घटनाएं
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आसपास के इलाकों में छात्रों के मोबाइल फोन और दूसरे सामान चोरी होने की शिकायतें भी अक्सर सामने आती रहती हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि चोरी की इन घटनाओं के पीछे एक ही व्यक्ति या गिरोह भी हो सकता है. हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है.
