कैमूर जिले के मोकरी गांव में पुराने पोखरे के पास दो बोरियों में हजारों की संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक मिले. घटना की सूचना मिलता है. पुलिस मौके पर पहुँची और दस्तावेज़ को थाने में सुरक्षित रखवा दिया पुलिस कहना है कि मामले में जांच की जाएगी.
बिहार के कैमूर जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां के मोकरी गांव में पुराने पोखरे के पास दो बोरियों में हजारों की संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक मिले. इन दस्तावेजों के मिलने के बाद देखकर गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों का दावा है कि बोरियों में 10 हजार से अधिक दस्तावेज भरे हुए थे.
दस हज़ार दस्तावेज़ का दावा
बताया जा रहा है कि मंगलवार गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर पुराने पोखरे के पास पड़ी दो बोरियों पर गई. जब उन्होंने बोरियां खोलकर देखीं तो अंदर आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक भरे हुए थे. दस्तावेजों की संख्या इतनी अधिक थी कि ग्रामीण भी हैरान रह गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक ये कागजात मोकरी पंचायत के अलग-अलग लोगों के हैं. ग्रामीणों ने करीब 10 हजार से अधिक दस्तावेज होने का दावा किया है. हालांकि इस मामले में इनकी वास्तविक संख्या और दस्तावेजों के मालिकों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
वित्तीय सुरक्षा की बढ़ी चिंता
आपको बता दें कि आधार कार्ड पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जबकि एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक का इस्तेमाल बैंकिंग लेनदेन में होता है. ऐसे दस्तावेजों का लावारिस हालत में मिलना लोगों की निजता और वित्तीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाता है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और संबंधित लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या वितरण के दौरान तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया?
पुलिस ने सुरक्षित रखवाए दस्तावेज़
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों बोरियों को कब्जे में लेकर सभी दस्तावेज थाने में सुरक्षित रखवा दिए. जानकारी के मुताबिक़ मोकरी पंचायत के पूर्व मुखिया जयशंकर बिहारी और ग्रामीण तेज बहादुर सिंह ने इस मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. भभुआ पोस्ट ऑफिस के सर्किल इंस्पेक्टर चंद्र भूषण प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. इसकी जांच कराई जाएगी. जांच में जिन कर्मचारियों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
