Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP के खुलासे और उसे बचाने में शामिल लोगों को सजा दिलाने के लिए आज देहरादून में महापंचायत आयोजित हो रही है.
Ankita Bhandari: आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड के इंसाफ के लिए एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है. सुबह 11 बजे से ये महापंचायत शुरू होगी. हालांकि, पुलिस ने इसके लिए परमीशन नहीं दी है. अंकिता के माता-पिता और ‘संयुक्त संघर्ष मंच’ के नेतृत्व में होने वाली इस पंचायत ने शासन-प्रशासन की नींद उड़ा दी है.
महापंचायत में कांग्रेस पार्टी के साथ कई संगठन
अंकिता भंडारी मामले को लेकर आज होने वाली महापंचायत में कांग्रेस पार्टी के साथ कई संगठन शामिल हो रहे हैं. जांच को जज की निगरानी में करने की है मांग है. कांग्रेस सपा वाम दल भी बैठक में शामिल होंगे. वीआईपी के नाम को सार्वजनिक करने की मांग की जा रही है. हरीश रावत ने कहा कि महापंचायत का हिस्सा इंडिया गठबंधन भी बनने जा रहा है. हरीश रावत ने कहा कि वर्तमान में चल रही सीबीआइ जांच सरकार प्रायोजित शिकायत के आधार पर हो रही है. गठबंधन की मांग है कि जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराई जाए.
वीवीआईपी कौन था…?
बता दें कि पिछले महीने अंकिता के माता-पिता ने सीएम धामी से मुलाकात की थी. अंकिता भंडारी के माता-पिता ने सीएम धामी से मांग की थी कि इस मामले में वीवीआईपी कौन था, इसका पता चलना चाहिए. उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में करने की बात कही. विपक्षी राजनीतिक दलों के साथ आंदोलनकारी संगठन और आम लोग यह मांग कर रहे थे कि इस हत्याकांड में वीवीआईपी कौन था इसकी जांच सीबीआई से की जाए.
जानिए हत्याकांड कब हुआ?
18 सिंतबर, 2022 को वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर उसका शव चीला शक्ति नहर में फेंक दिया गया था. अंकिता का शव इस घटना के एक सप्ताह बाद बरामद हुआ था. 19 वर्षीय अंकिता की रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों-सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या कर दी थी. इस मामले में तीनों आरोपियों को सत्र न्यायालय उम्रकैद की सजा सुना चुका है. एसआईटी की जांच के बाद वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक व दो अन्य कर्मियों के खिलाफ करीब 500 पेज की चार्जदेशीट कोर्ट में दाखिल की गई. वहीं, घटना के दिन अंकिता भंडारी ने अपने दोस्त पुष्पदीप को रिजॉर्ट में वीआईपी के आने की जानकारी दी थी. उसने उसको बताया था कि पुलकित आर्य उस पर एक बड़े वीआईपी को अतिरिक्त सेवा देने के लिए दबाव डाल रहा है. लेकिन वीआईपी कौन था यह राज आज भी बरकरार है.
