संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक बार फिर फिल्म को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. हाल ही में घूसखोर पंडत फिल्म के विरोध के बाद अब यादव जी की लव स्टोरी को लेकर यादव समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. धनारी थाना क्षेत्र में यादव समाज के लोगों ने फिल्म के नाम और कहानी पर आपत्ति जताते हुए सिनेमा हॉल संचालकों और फिल्म निर्माता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
फिल्म की कहानी में किन किरदारों पर बवाल
बताया जा रहा हैं कि यादव समाज के लोगों का आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की बेटी और मुस्लिम युवक के बीच प्रेम कहानी को दर्शाया गया है, जिससे समाज की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है. यादव समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह की कहानी से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और यह उनकी भावनाओं का अपमान है.
फिल्म का नाम और कहानी पर विवाद
बता दें कि प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि फिल्म का नाम और उसकी कहानी समाज विशेष को निशाना बनाकर बनाई गई है. आरोप है कि फिल्म के जरिए समाज की बेटियों को गलत संदर्भ में दिखाया गया है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सिनेमा हॉल संचालकों को अल्टीमेटम
बता दे कि यादव समाज के प्रतिनिधियों ने संबंधित सिनेमा हॉल संचालकों को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि फिल्म का प्रदर्शन तुरंत नहीं रोका गया, तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. समाज के लोगों ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर फिल्म को अपने क्षेत्र में चलने नहीं देंगे. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की.
थाने में दी तहरीर, केस दर्ज करने की मांग
इस मामले में यादव समाज के लोगों ने धनारी थाना पहुंचकर फिल्म निर्माता के खिलाफ तहरीर दी है. तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के माध्यम से समाज की भावनाओं को आहत किया गया है और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई है. उन्होंने पुलिस से फिल्म निर्माता और संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की है. गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हाल के दिनों में फिल्मों को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है.
