दिल्ली पुलिस ने 54 लाख रुपए की फरारी के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी चांदनी चौक के एक कारोबारी के 54 लाख रुपए लेकर भाग गए थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में कैश बरामद किया है.
पैसे लेकर भागा था कर्मचारी
दिल्ली पुलिस ने 54 लाश रुपए की ठगी के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में चांदनी चौक में मौजूद एक ज्वेलरी कारोबारी का कर्मचारी भी शामिल है. आरोप है कि कर्मचारी को 54 लाख रुपए बाजार में एक कारोबारी को देने के लिए दिए गए थे, लेकिन उसे पैसे न देकर कर्मचारी पैसे लेकर फरार हो गया.
चांदनी चौक के कारोबारी ने की थी शिकायत
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रूपेश कुमार (24), सचिन उर्फ विकास (24) और पवन कुमार (21) के रूप में की गई है. तीनों आरोपी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके के निवासी हैं. पुलिस ने बताया कि यह मामला 6 फरवरी को दर्ज किया गया था. चांदनी चौक के एक कारोबारी ने शिकायत की थी कि रूपेश नाम का कर्मचारी उसके 54 लाख रुपए लेकर गायब हो गया है.
पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार
जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के पैसों का बंटवारा करने के लिए कुछ चोर आ रहे हैं. इसी दौरान पुलिस ने 5 मार्च को खजूरी फ्लाईओवर के पास से रूपेश और सचिन को धर दबोचा. जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ करते हुए सोनिया विहार से पवन को भी गिरफ्तार कर लिया. रूपेश ने बताया कि वह ज्वेलरी कारोबारी के यहां बाजार में पैसे के लेन-देन का काम संभालता था.
आरोपियों के पास से रकम बरामद
रूपेश ने बताया कि कारोबारी के पास अक्सर बड़ी रकम आती थी, जिससे उसने दोस्तों के साथ पैसे लेकर भागने का प्लान बनाया था. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने तीनों ने पास से 31.5 लाख रुपए कैश और 8 लाख रुपए की जमा रसीदों के साथ एक कार बरामद की है. पुलिस का कहना है कि मामले में लगातार जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में शर्मसार हुए रिश्ते! युवक ने की जुड़वा बहन की हत्या, मां पर भी किया चाकू से हमला
