उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में एक कपल ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. दोनों आपस में शादी करने चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था.
कपल ने की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. महाराजगंज में एक युवक और युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया. जानकारी के मुताबिक कपल ने परिवार के विरोध करने के बाद यह खौफनाक कदम उठाया है. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना बुधवार को भगीरथ रेलवे स्टेशन के पास हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पहुंचे थे रेलवे ट्रैक पर
जानकारी के मुताबिक युवक और युवती की उम्र लगभग 20 से 22 साल के बीच थी. दोनों एक-दूसरे के साथ शादी करना चाहते थे. दोनों के परिवार के सदस्य इस रिश्ते के काफी खिलाफ थे, जिसके कारण दोनों युवक-युवती मानसिक दबाव में थे. इन्हीं कारणों के चलते दोनों से सुसाइड जैसा खौफनाक कदम उठाया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर रेलवे ट्रैक पर पहुंचे थे.
दोनों ट्रेन के आगे कूद गए
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक दोनों एक दूसरे का हाथ पकड़कर रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और नौतनवा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगे कूद गए. कपल तुरंत ही ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. नौतनवा थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव के मुताबिक जैसे ही इस घटना की सूचना मिली तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध का लग रहा है. पुलिस की टीम हर पहलु को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों आपस में शादी करना चाहते थे. हालांकि सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण यह शादी नहीं हो पाई, इन्हीं कारणों के चलते दोनों ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर दी.
यह भी पढे़ं- अवैध गैस कारोबार के खिलाफ पुलिस का एक्शन! जनकपुरी में छापेमारी कर जब्त किए 45 सिलेंडर; 3 गिरफ्तार
