Unnao Encounter: उन्नाव जिले में हुए साधु की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इजराइल को मुठभेड़ में मार गिराया. पुलिस एनकाउंटर में एक लाख के इनामी अपराधी इजराइल की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी इजराइल पर एक लाख का इनाम घोषित किया था. यह मुठभेड़ बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ताजपुर अंडरपास के पास हुई. इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलीं, जिसमें एसओजी (SOG) के एक जांबाज सिपाही विकास भी घायल हुए हैं, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर बाल-बाल बचे हैं.
जानिए कहां हुई मुठभेड़
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जयप्रकाश सिंह के अनुसार, पुलिस और स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साधु हत्याकांड के बाद से लगातार फरार चल रहा मुख्य आरोपी इजराइल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बांगरमऊ इलाके से गुजरने वाला है. पुलिस टीम ने ताजपुर अंडरपास के पास घेराबंदी की. खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश इजराइल ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी.
मुठेभड़ में सिपाही घायल
बदमाश की तरफ से हुई अचानक फायरिंग में एसओजी के जांबाज सिपाही विकास के हाथ में गोली लग गई, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े. वहीं, बदमाश द्वारा चलाई गई एक अन्य गोली सब-इंस्पेक्टर (SI) न्यूटन कुमार सिंह की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बाल-बाल बच गई. पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी इजराइल को कई गोलियां लगीं, जिससे वह वहीं ढेर हो गया.
पुलिस को थी सरगर्मी से तलाश
बता दें कि साधु मिलन दास की 9 जून को चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी. गौरतलब है कि साधु मिलनदास की निर्मम हत्या के बाद से ही आरोपी इजराइल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था. वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का नगद इनाम घोषित कर रखा था. पुलिस ने मौके से घायल सिपाही विकास और बदमाश इजराइल को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने इजराइल को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.
ये भी पढ़ें: नीम करौली बाबा के दरबार में भक्तों की भीड़, स्थापना दिवस पर कैंची धाम में भक्ति का अद्भुत नजारा
