उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील में सिलेंडर की समस्या लेकर SDM के पास पहुंचे व्यक्ति को अधिकारी ने गिरफ्तार करवा दिया. इस घटना के बाद प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.

पीड़ित को ही करवा दिया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. बाराबंकी के रामनगर तहसील में मंगलवार को SDM आनंद तिवारी ने एक व्यक्ति को पुलिस से गिरफ्तार करवा दिया. बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपनी भतीजी की शादी के लिए गैस सिलेंडर मांगने आया था. बढ़नपुरवा का रहने वाली शिवमोहन सिलेंडर की शिकायत को लेकर SDM के पास गया था.
सिलेंडर की फरियाद लेकर पहुंचा था
बताया जा रहा है कि व्यक्ति के घर में बुधवार को शादी होने वाली थी. व्यक्ति एक हफ्ते से गैस एजेंसी के टक्कर काट रहा था और बुकिंग नंबर होने के बाद भी उसे सिलेंडर नहीं दिया जा रहा था. जिसके बाद जब वह एसडीएम के पास यह फरियाद लेकर पहुंचा, तो SDM ने उसे अराजकता फैलाने के आरोप में गिरफ्तार करवा दिया. हालांकि लगभग 2 घंटों बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया. व्यक्ति को शादी के लिए भी सिलेंडर नहीं मिला.
भतीजी की शादी को लेकर समस्या
व्यक्ति की भतीजी अनीता की आज यानी बुधवार को शादी है और इसको लेकर गैस का संकट था. पीड़ित शिवमोहन ने श्री लोधेश्वर इंडियन गैस एजेंसी में सिलेंडर की बुकिंग कराई थी और उसे DAC नंबर भी मिल गया था. नियमों के मुताबिक नंबर के मिलने के बाद सिलेंडर मिल जाना चाहिए, लेकिन लगभग एक हफ्ते से उसे टाला जा रहा था. जिसके बाद व्यक्ति न्याय की उम्मीद लेकर तहसील में SDM के पास पहुंचा था.
SDM ने दिए गिरफ्तारी के आदेश
मंगलवार को जब एसडीएम आनंद तिवारी अपनी गाड़ी से उतरे तो व्यक्ति ने उन्हें अपनी समस्या बतानी शुरू कर दी. इतने में ही आनंद तिवारी आगबवूला हो गए और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से व्यक्ति को तुरंत ही गिरफ्तार करवा दिया. जिसके बाद पुलिस व्यक्ति को थाने लेकर गई. इस घटना के बाद प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं. मामले में सफाई देते हुए एसडीएम आनंद तिवारी ने बताया कि कुछ लोग गैस सिलेंडर के नाम पर आकर अराजकता और ‘न्यूसेंस’ क्रिएट कर रहे थे, इसलिए उन्हें पुलिस के हवाले किया गया था.
यह भी पढ़ें- जिस नंदीग्राम ने बनाया ‘राजनीति का हीरो’, शुभेंदु अधिकारी ने छोड़ी वही सीट; आखिर क्या है कारण?
