भोजपुर में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर अब अभियान तेज हो गया है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर 17 जुलाई को न्याय की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है.

जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन
बिहार के भोजपुर में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर को लेकर चल रहा आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है. लोग न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इस आंदोलन से जुड़े हुए लोगों ने ऐलान किया है कि भरत तिवारी की मौत का एक महीना पूरा होने पर 17 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है.
सरकार की तरफ से नहीं हुई ठोस कार्रवाई- आंदोलनकारी
बताया जा रहा है कि इस दौरान जंतर-मंतर पर लोग भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग करने वाले हैं. आरा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आंदोलन से जुड़े हुए वकीलों और पदाधिकारियों ने कहा कि अभी तक न्यायालय से अपेक्षित राहत भी नहीं मिली है और सरकार की तरफ से भी ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगे.
पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज हो मामला
आंदोलन से जुड़े लोगों ने बताया कि बिहार के साथ कई राज्यों में व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद में सभी हस्ताक्षरों की प्रतियां प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को सौंपकर इस मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की जाएगी. मामले में अधिवक्ताओं का कहना है कि सिर्फ न्यायिक जांच के आदेश से न्याय सुनिश्चित नहीं होगा. उनका कहना है कि अगर यह मामला हत्या का है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया जाना चाहिए.
गांव-गांव शहर-शहर चलाया जा रहा अभियान
अब आंदोलन के संयोजक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सरकार को कार्रवाई के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ पाया है. उन्होंने कहा कि इसकी कारण आंदोलन का अगला चरण शुरू करने का फैसला लिया गया है. उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को जंतर-मंतर पर इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गांव-गांव और शहर-शहर जनसंपर्क और हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान ले जुड़ सकें.
यह भी पढ़ें- AIADMK को एक और झटका! पद छोड़ने के बाद पार्टी से इस्तीफा; 6 विधायक छोड़ चुके पार्टी
