बिहार के अररिया जिले में एकतरफा प्यार में पागल आशिक ने युवती की गोली मारकर हत्या कर दी. मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

एकतरफा प्यार में ली युवती की जान
बिहार के अररिया जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने खौफनाक घटना को अंजाम दिया है. अररिया जिले से फारबिसगंज में मौजूद घोड़ाघाट में युवक ने एक लड़की के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक प्यार में पागल युवक ने लड़की के घर में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी.
युवती का पड़ोसी था आरोपी
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान 17 साल की चांदनी खातून के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि आरोपी युवक लड़की का पड़ोसी है. आरोपी युवक कासिम चांदनी से एकतरफा प्यार करता था. हालांकि चांदनी युवक का लगातार विरोध करती रहती थी, जिसके बाद भी आरोपी कासिम ने उसकी पीछा नहीं छोड़ा और आए दिन उसे परेशान करता रहता था.
बेड पर लेटी थी युवती
बताया जा रहा है कि गुरुवार को सुबह के समय पर आरोपी युवती के घर में हथियार लेकर घुस गया. इस दौरान चांदनी अपने बेड पर लेटी हुई थी. युवक ने बेड पर लेटी लड़की के ऊपर गोली चलाई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. खून से लथपथ हालत में युवती को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
देखने पर लगा खिलौना
इस घटना को लेकर मृतका की छोटी बहन ने बताया कि पहले देखकर यह लगा कि आरोपी कासिम के हाथ में खिलौना है, लेकिन उसके बाद आरोपी ने अचानक से गोली चला दी. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों के अंदर आक्रोश है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें- बारात ले जा रहे दूल्हे पर हमला! रास्ते में रोककर बरसाई लाठियां; सिर फटने के बाद दुल्हन लेने पहुंचा युवक
