उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बारात ले जा रहे दूल्हे को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की गई. इस घटना में दूल्हे का सिर फट गया, जिससे उसे अस्पताल ले जाया गया.

बारात ले जा रहे दूल्हे पर हमला
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. हमीरपुर के राठ थाना इलाके के बसेला गांव के पास में गुरुवार शाम को कुछ दबंगों ने बारात की एक कार को रोककर बुरी तरह से मारपीट की है. जानकारी के मुताबिक इस घटना में बारात लेकर जा रहे दूल्हे पर भी लाठी डंडों से हमला किया गया है, जिसके कारण दूल्हे का सिर फट गया है.
रास्ते में रोककर फाड़ा दूल्हे का सिर
जानकारी के मुताबिक कैथा गांव के रहने वाले अंबर ने पुरानी रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर झिन्ना वीरा से बांदा जा रही बारात के ऊपर हमला किया. इस दौरान आरोपियों ने दूल्हा मुन्नीलाल और उसके भाई जगदेव के साथ बच्चों पर भी हमला कर दिया. इस घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई और दूल्हे का सिर फट गया. पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई शुरू की है.
महिलाओं और बच्चों से भी मारपीट
बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे थे और बारात की गाड़ी के आगे बाइकें लगा दीं और हमला कर दिया. हमलावरों ने दूल्हे को गाड़ी से निकालकर बुरी तरह मारा और कार के शीशे भी तोड़ दिए. जिसके बाद हमलावरों ने दूल्हे का सिर फोड़ दिया और मौके से फरार हो गए. इस हमले में दबंगों ने बच्चों और महिलाओं से भी मारपीट की है.
घायल हालत में दुल्हन लेने पहुंचा
इस घटना के बाद दूल्हे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां सिर पर पट्टी बंधवाने के बाद वह लहूलुहान हालत में दुल्हन को लेने के लिए घायल अवस्था में ही पहुंच गया. मामले में जानकारी देते हुए राठ CO राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है. पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- ED की तलाशी में खुला ‘खजाना’! अशोक खरात के लॉकर से मिले US डॉलर; 1 करोड़ का सोना-चांदी भी बरामद
