Saharanpur News: यूपी के सहारनपुर में निकाह की खुशियां उस वक्त मातम और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब गहनों की कमी और मेहर की रकम को लेकर दूल्हा-दुल्हन पक्ष आमने सामने आ गए. मामला गहनों और ‘मेहर’ की रकम को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया. जमकर हुई मारपीट में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हे और दुल्हन के भाइयों समेत तीन को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया.
कहां का है मामला
जानकारी के अनुसार, बड़गांव क्षेत्र के गांव कुतुबपुर माजरा के रहने वाले अय्यूब उर्फ भूरा के बेटे फिरोज की बारात बड़े धूमधाम से पैलेस में पहुंची थी. लेकिन मंगलवार होने के कारण बाजार बंद थे, जिसके चलते दूल्हा पक्ष अपेक्षा से कम आभूषण लेकर पहुंचा. इसी बात को लेकर दुल्हन पक्ष ने आपत्ति जताई और माहौल गरमा गया.
”मेहर” की रकम को लेकर भिड़े वर-वधु पक्ष
बताया जा रहा है कि गहनों के मुद्दे के बाद ”मेहर” की रकम पर भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई तक जा पहुंचा. कुछ ही मिनटों में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी में आए मेहमान तमाशबीन बन गए. इस झगड़े में दूल्हा पक्ष के दो युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया.
पुलिस हिरासत में तीन लोग
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे के भाई, दुल्हन के भाई और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, दोनों परिवारों के बीच समझौते की कोशिशें भी जारी हैं, ताकि मामला और न बिगड़े.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल वोटिंग का तूफान! 11 बजे तक हो गया 40% मतदान; लोगों में दिख रहा अलग उत्साह
