Chamoli Forest Fire Update: चमोली जिले के फूलों की घाटी से सटे जंगलों में आग का तांडव जारी है. इस आग पर काबू पाना वन विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है. आग क्षेत्र की ऊंचाई लगभग 3500 मीटर है, जहां वनकर्मी और एसडीआरएफ की टीमें पहुंच नहीं पा रही हैं. जंगल की यह आग तेजी से फैल रही है और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है.
अत्यंत दुर्गम होने के चलते आग बुझाने में दिक्कत
आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं एहतियात के तौर पर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है. इस संबंध में जानकारी देते हुए चमोली के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) सर्वेश कुमार दुबे ने बताया कि गोविंद घाट रेंज का क्षेत्र अत्यंत दुर्गम है और इसकी ऊंचाई 11,420 फीट से अधिक है, जिसके चलते आग बुझाने के दिक्कतें आ रही है. डीएफओ ने यह भी बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए बीते दिन युकड़ा हेलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सर्वेक्षण किया गया, जिसमें स्वयं डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे के साथ दो वन क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे.
कहां तक पहुंची आग
हवाई सर्वेक्षण के दौरान यह सामने आया कि आग अब ऊंचाई वाले इलाकों तक पहुंच चुकी है. हालांकि, अभी तक इसका सटीक आंकलन नहीं हो पाया है. डीएफओ ने बताया कि फिलहाल विभाग की ओर से 25 से 30 मजदूरों को आग बुझाने के काम में लगाया गया है. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि आगामी दो दिनों के भीतर आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो वायु सेना की सहायता ली जाएगी.
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को लिखा पत्र
वन विभाग ने जिला प्रशासन की मदद से राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को एक पत्र लिखा है. पत्र में कहा गया है कि आग काफी विकराल है और काफी ऊंचाई वाले क्षेत्र में है. इस पर काबू पाने के लिए वायु सेना से मदद ली जाए.
