हवाई जहाज और प्लेन के क्रैश होने की खबर कई बार सामने आई है. एक ऐसी ही खबर ओडिशा से आ रही है. ओडिशा के राउरकेला से भुवनेश्वर जा रहा एक चार्टर्ड विमान उड़ान के कुछ देर बाद क्रैश हो गया. बताया जा रहा है कि यह विमान इंडिया वन एयर का था.
चार्टर्ड प्लेन क्रैश
ओडिशा के राउरकेला से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरने वाला एक 9 सीटर चार्टर्ड विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह दुर्घटना शनिवार को दोपहर में हुई है. बताया जा रहा है कि इस विमान में पायलट के साथ कुल 6 लोग सवार थे. इंडिया वन एयर का यह विमान राउरकेला से उड़ान भरने के बाद लगभग 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तक उड़ने के बाद हादसे का शिकार हो गया.
6 लोग थे विमान में सवार
इस विमान में पायलट सहित कुल 6 लोग सवार थे. अधिकारियों ने बताया कि भुवनेश्वर जाने वाला यह विमान लगभग 10 से 15 किमी की दूरी तक उड़ान भरने के बाद में क्रैश हुआ है. इस विमान में पायलट के साथ 2 क्रू मेंबर और 4 यात्री भी सवार थे. क्रू मेंबर में कैप्टन नवीन कड़ंगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव नाम के 2 लोग शामिल थे. इस हादसे में ये सभी 6 लोग घायल हुए हैं.
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस हादसे के बाद सभी घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भेजकर भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सभी घायलों की हालत अब स्थिर है. इस हादसे के बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन में फायर ब्रिगेड की 3 टीमों को पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सहयोग के साथ लगाया गया था. इस घटना में विमान को सुरक्षित करने और घायलों को तुरंत सहायता देने के लिए फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के कमांड सेंटर ने दुर्घटना की जगह पर राहत और बचाव कार्यों का समन्वय किया है.
विमान ने की थी इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश
इंडिया वन एयर के इस विमान को दोपहर में लगभग 1:15 बजे लैंड होना था, लेकिन उससे पहले ही यह दुर्घटना हो गई. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक विमान ने इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन जालदा के पास में यह काफी तेजी से नीचे आ गया. फिलहाल इस हादसे के पीछे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने परिस्थितियों और घटना के कारणों को पता करने के लिए जांच शुरू कर दी है. जैसे ही जांच पूरी होगी तो हादसे के कारणों का असली पता लग जाएगा.
यह भी पढ़ें- NSA अजीत डोभाल ने दिल्ली में किया युवाओं को संबोधित, कहा- बदला शब्द अच्छा नहीं लेकिन…
