Chaitra Navratri 2026: चैत्र नवरात्र से पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर से पहले प्रदेशवासियों को पाती लिखी है. इस पाती में उन्होंने कहा कि नवरात्रि सभी के जीवन में भक्ति, शक्ति और नवचेतना का संचार करे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में भक्ति, शक्ति और नवचेतना का संचार करे. इसके साथ ही उन्होंने सनातन नव संवत्सर (वि.सं. 2083) की भी प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई दी.
उत्तर प्रदेश ने संकल्प से सिद्धि की गौरवमयी यात्रा तय की
सनातन नव संवत्सर (वि.सं. 2083) के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने संकल्प से सिद्धि की गौरवमयी यात्रा तय की है, उन्होंने कहा कि 2017 से पहले के अंधकार से निकलकर उत्तर प्रदेश ने ‘उपद्रव से उत्सव प्रदेश’ की यात्रा तय की है और आज प्रदेश विकास व सांस्कृतिक चेतना के नए आयाम स्थापित कर रहा है.
नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण
सीएम योगी ने अपनी पाती में लिखा कि “उत्सव प्रदेश” के नवनिर्माण में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अतुलनीय रही है. उन्होंने लिखा कि चैत्र नवरात्र केवल उपासना का पर्व नहीं, बल्कि नारी-शक्ति के वंदन का भी महापर्व है. उन्होंने कहा कि वही समाज और प्रदेश सशक्त बनता है, जहां बेटियां समर्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर होती हैं.
बेटियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए खुला आसमान मिले
मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि समाज में नारी शक्ति का सम्मान बना रहे और बेटियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए खुला आसमान मिले. उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सम्मान देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है. वही समाज, प्रदेश सशक्त बनता है, जहां बेटियां समर्थ होंगी.
बेटियों को बेटों के समान अवसर दिए जाएं
उन्होंने यह भी कहा कि नारी-शक्ति के नेतृत्व ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है. विकसित प्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हर क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिलना जरूरी है. आखिर में उन्होंने सभी से संकल्प लेने की अपील की कि बेटियों को बेटों के समान अवसर दिए जाएं, ताकि एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण हो सके.
