CM Yogi Pati: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम 23 अप्रैल को घोषित कर दिए हैं. इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों के नाम चिट्ठी लिखकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया है. उन्होंने कहा यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम आ चुके हैं. इस वर्ष का परीक्षाफल अत्यंत उत्साहजनक है. उन्होंने कहा कि मेरी यह पाती विशेषकर उन बच्चों के लिए है, जो किन्हीं कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाये हैं.
बढ़ाया छात्रों का हौसला
परिणाम में असफल हुए छात्रों का सीएम योगी ने पाती के जरिए हौसला बढ़ाया है. सीएम ने अपनी पाती में लिखा कि इस वर्ष का परीक्षाफल अत्यंत उत्साहजनक है. अनेक बच्चों ने लगन और कठिन परिश्रम से पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है. मेरी ओर से सभी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की ढेरों बधाइयां और आशीर्वाद. मेरी पाती खास उन छात्रों के लिए जो किन्हीं कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाये.
सफलता और असफलता जीवन के अंग
मेरी यह पाती, विशेषकर उन बच्चों के लिए है, जो किन्हीं कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाये. सफलता और असफलता जीवन के अंग हैं. सफलता हमें उत्साहित करती है, लेकिन असफलता से निराशा घर कर सकती है. बस, हमें इसी निराशा को हटाकर ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र पर आगे बढ़ना है. ‘चलते रहो-चलते रहो’ का यह सूत्र वाक्य हमें निरंतर परिश्रम, प्रगति और जीवन में न रुकने का संदेश देता है. कोई भी परिणाम जीवन का पहला और अंतिम नहीं होता, अपितु एक नए आरंभ का अवसर होता है. सोना तपकर ही कुंदन बनता है.
अपने प्रयास जारी रखें
सीएम योगी ने महान आविष्कारक थॉमस अल्वा एडिसन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने बल्ब का आविष्कार करने के लिए हजारों प्रयोग किए. हर प्रयोग नाकाम रहा, लेकिन एडिसन ने प्रयास जारी रखे. आखिरकार मेहनत रंग लाई और उन्होंने बल्ब का आविष्कार करके पूरी दुनिया को आलोकित किया. विश्व के सर्वश्रेष्ठ गणितज्ञों में एक श्रीनिवास रामानुजन से लेकर ऐसी कई अन्य महान विभूतियां हुईं, जिन्होंने बाधाओं एवं असफलताओं से हार नहीं मानी, बल्कि अपने क्षेत्र में शिखर पर पहुंचे.
अभिभावकों के लिए भी सीएम योगी ने लिखा…
सीएम योगी ने बच्चों के अभिभावकों के लिए लिखा कि बच्चे देश का भविष्य हैं. परिणाम सकारात्मक न होने पर निराश न हो उनका हौसला बढ़ायें. उनकी रुचि किस विषय में है, इसे समझने का प्रयास करें. ऐसे कई क्षेत्र हैं, जहां करिअर निर्माण की अपार संभावनाएं हैं. अच्छे अवसरों को पहचानने में बच्चों की मदद करें. उनकी प्रतिभा को खिलने दें.
ये भी पढ़ें: सावधान! आज यूपी के 40 जिलों में लू का कहर, लेकिन रात होते ही करवट लेगा मौसम; जानें बारिश की नई टाइमिंग
