Codiene Cough Syrup Case: उत्तर प्रदेश में नशीली कफ सिरप का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल गिरफ्तारी से बचने के लिए भारत छोड़कर दुबई में रह रहा है. अब उसको पासपोर्ट रद्द कर दिया गया है. ऐसे में शुभम का अब दुबई में रहना अवैध माना जाएगा. लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी होने के बाद अब पासपोर्ट निरस्त होने से शुभम की मुश्किलें काफी बढ़ जाएंगी. कोडीन तस्करी मामले में तीन और गिरफ्तार हुई हैं.
दुबई भेजी गई पासपोर्ट निरस्त होने की सूचना
पासपोर्ट निरस्त होते ही उस पर लगे सभी वैध वीजा जैसे US, UK या Gulf देशों के वीजा तकनीकी रूप से बेकार हो जाते हैं. पासपोर्ट वैध नहीं रहने पर वीजा का आधार ही खत्म हो जाता है एसटीएफ ने केंद्रीय एजेंसियों के जरिए दुबई में छिपे शुभम जायसवाल के पासपोर्ट निरस्त होने की सूचना भेज दी है. ऐसी स्थिति में सिर्फ इमरजेंसी सर्टिफिकेट (EC) के जरिए ही भारत वापस आ सकते हैं. शुभम जल्द दुबई से डिपोर्ट हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक एसआईटी ने जांच सौंप दी है.
विकास नरवे को रिमांड पर लेगी पुलिस
कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट की एक अहम कड़ी विकास सिंह नरवे की गिरफ्तारी के बाद अब इस गैंग से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं. ईडी और एसटीएफ दोनों ने ही विकास सिंह को कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि विकास सिंह ही वह व्यक्ति है जिसने शुभम जायसवाल को बड़े तस्करों, अमित टाटा और एसटीएफ के बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह से मिलवाया था. अमित और आलोक से मुलाकात के बाद शुभम का ये तस्करी का धंधा यूपी से लेकर बिहार और बंगाल तक फैला. विकास का काम इनके बीच मीडिएटर का था. विकास पूरे सिंडिकेट के साथ संपर्क में रहता था.
विकास सिंह नर्वे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
विकास सिंह नर्वे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है. उस पर यूपी के आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में केस दर्ज हैं. उसकी तलाश काफी समय से की जा रही थी. सर्विलांस और ख़ुफ़िया इनपुट के बाद पुलिस ने सिरप तस्करी के आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया. विकास इस रैकेट की अहम कड़ी था जिसने शुभम जायसवाल को बड़े तस्करों (अमित सिंह टाटा और आलोक सिंह) से मिलवाया था. विकास सिंह इस तस्करी के पूरे नेटवर्क का मुख्य रणनीतिकार भी माना जाता है.
क्या कहता है नियम
नियमों के मुताबिक, अगर आप पहले से ही विदेश में हैं और वहां आपका भारतीय पासपोर्ट निरस्त कर दिया जाता है, तो आप उस देश में अवैध (Illegal) हो जाते हैं. संबंधित देश आपको वापस अपने देश डिपोर्ट (निर्वासित) कर सकता है.
