राजधानी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस मामले में जांच कर रही है, आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
भजनपुरा में युवक की हत्या
राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक 18 साल के युवक की हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि युवक के चाकू घोंपा गया और उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है.
कृष्णा मंदिर के पास हुई घटना
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को तड़के भजनपुरा इलाके में एक 18 साल के युवक की हत्या कर दी गई है. यह पूरी घटना इलाके में मौजूद कृष्णा मंदिर के पास घटी है. बताया जा रहा है कि पुलिस सूचना मिलने के बाद जब तक मौके पर पहुंची, तब तक युवक के परिजन घायल युवक को जग प्रवेश चंद्र (JPC) अस्पताल में ले जा चुके थे.
इलाज के दौरान युवक की मौत
इस पूरी घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है. मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की पहचान भजनपुरा के सुभाष मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद आसिफ के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भिजवाया गया है. मामले में शामिल आरोपियों की तलाश लगातार जारी है. पुलिस की टीमें आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. टीमों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- टेक्सास की तेल रिफानरी में लगी आग! कई शहरों तक पहुंची धमाके की गूंज; आसमान में छाए काले बादल
