दिल्ली के कापसहेरा इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर एक 3 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी का एनकाउंटर कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले से पूरे इलाके में गुस्से का माहौल देखने को मिल रहा है.
आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी के रूप में की गई है. 37 वर्षीय आरोपी चंदर कुमार ने पहले बच्ची का अपहरण किया था, उसके बाद में उसको सुनसान जगह पर ले जाकर बालात्कार करने की कोशिश की. बच्ची डर से जब चीखने लगी तो आरोपी ने उसका गला घोंट उसकी हत्या कर दी थी. आरोपी पीड़ित परिवार की बिल्डिंग में ही रहा था. 10 जुलाई के दिन उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था. हत्या करने के बाद आरोपी ने उसके शव को नाले में फेंक दिया था. ताकि किसी को भी उसकी इस हरकत के बारे में पता न लग पाए.
बच्ची के माता-पिता ने जब इसकी शिकायत पुलिस को दी तो बिना किसी देरी के जांच को शुरू किया गया. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें आरोपी संदिग्ध हरकतें करते हुए दिखाई दिया. पुलिस ने जिसके बाद छापेमारी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की. पुलिस को देख आरोपी पूरी तरीके से बौखला गया और फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे चंदन के पैर पर गोली लग गई. पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल को भी बरामद किया है. पूछताछ में आरोपी ने अपने जुर्म को कबूल कर लिया है. हालांकि, पुलिस को शक है कि अपराधी ने ऐसा अपराध पहली बार नहीं किया है. इससे पहले भी उसने ऐसी हरकत को अंजाम दिया है. नाले में शव मिलने के बाद जब उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, तब पूरे मामले का का खुलासा हो पाया है.
ये भी पढ़ेंं: नूंह में पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में घायल हुआ आरोपी
