धनबाद के लोयाबाद में अचानक से जमीन धंस गई. इसके कारण 4 घर इसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने इसको लेकर तकनीकी जांच की मांग की है.
झारखंड के धनबाद से एक हैरान करने वाली घटना सामने आयी है. लोयाबाद थाना क्षेत्र की 7 नंबर मुस्लिम बस्ती में अचानक जमीन धंस गई. इलाके में लगातार रुक-रुककर हो रहे भू-धंसान के कारण लोगों में दहशत का माहौल है. करीब 1 घंटे के भीतर 4 घर इस भू-धंसान की चपेट में आ गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि घरों के साथ जमीन में समाए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
बताया जा रहा है कि मोहम्मद आजाद, सोनू ड्राइवर और फातमा खातून नाम के लोगों के घरों के आसपास की जमीन अचानक धंसने लगी. जिसके बाद देखते ही देखते जमीन का बड़ा हिस्सा नीचे चला गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक धंसी हुई जमीन करीब 30 फीट गहराई तक पहुंच गई है.
लगातार महसूस होती हलचल
इस घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घरों के आसपास जमीन धंसती देखकर लोगों ने तुरंत प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन के भीतर लगातार हलचल महसूस हो रही है और भू-धंसान रुक-रुककर जारी
खनन से जमीन कमजोर होने का दावा
स्थानीय लोगों के मुताबिक 7 नंबर मुस्लिम बस्ती का इलाका BCCL एरिया-5 के शिंद्रा बासजोड़ा कोलियरी से जुड़ा रहा है. यहां पहले भूमिगत खनन और इंकलाइन संचालित होने की बात कही जा रही है. स्थानीय लोग जमीन के कमजोर होने और पुराने भूमिगत खनन क्षेत्र को मौजूदा भू-धंसान से जोड़कर देख रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने की जांच की मांग
जानकारी के मुताबिक घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है. स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और मौके पर तत्काल तकनीकी जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सबसे पहले भू-धंसान प्रभावित इलाके को चिन्हित करके वहां पर आवाजाही को नियंत्रित किया जाना चाहिए, जिससे कोई बड़ा हादसा न हो.
