गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में दो बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर एक युवक ने घर में घुसकर दो बहनों पर फायरिंग कर दी है, जिसकी वजह से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई है. आरोपी की पहचान जॉनी के रूप में की गई है. वह पुराना बस अड्डा बारादरी का निवासी है.
खुद को किया कमरे में बंद
जानकारी के मुताबिक, दोनों बहनें अपने घर में थी. परिवार आदर्श नगर के वाल्मीकि चौक में निवास करता है. आसपास के लोगों के मुताबिक, आरोपी घर में घुसने से पहले बहुत देर तक बाहर में घूम रहा था. मौका पाते ही वह युवतियों के घर में चला गया, जिसके बाद दोनों बहनों तक वह चोरी छिपे पहुंच गया. आरोपी और उसके हाथ में बंदूक को देख दोनों बहनें उसके मनसूबों को समझ गई थी, जिसके बाद दोनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया.
इलाज के लिए कराया गया भर्ती
कमरा बंद होने के बाद आरोपी ने दूसरा रास्ता अपनाया. उसने कमरे का शीशा तोड़ा और फिर दोनों बहनों के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलियों को आवाज सुन आसपास के पड़ोसी वहां पहुंचे. कमरे में दोनों बहने गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी हुई थी. वहीं, आरोपी मौके से फरार हो गया. दोनों बहनों को तुरंत इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत काफी गंभीर बताई है.
आरोपी के साथ हुई थी शादी तय
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तालाश में जुट गई. शुरुआती जांच में सामने आया कि बड़ी बहन की शादी कुछ महीने पहले आरोपी के साथ में तय हुई थी. हालांकि, चार महीने पहले ही उनका रिश्ता टूट चुका था. संभावना जताई जा रही है कि इसी से आहत होकर आरोपी ने यह कदम उठाया है. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही कई टीमों का भी गठन किया गया है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं: खान सर के बॉडीगार्ड ने की रौशन आनंद को जेल में मारने की कोशिश? वकील ने लगाए गंभीर आरोप
