Gonda Indian Bank Scam: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बैंकिंग व्यवस्था को झकझोर कर रख देने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां इंडियन बैंक एम्प्लाइज क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी (कर्मचारी सहकारी समिति) में करीब 3 करोड़ 60 लाख रुपये के भारी-भरकम गबन का भंडाफोड़ हुआ है. हैरान करने वाली बात यह है कि लूट का यह खेल कोई एक या दो दिन में नहीं, बल्कि पिछले 23 सालों (वर्ष 2001 से 2024 के बीच) से लगातार चल रहा था. इस महाघोटाले में बैंक के ही 69 अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई है, जिनके खिलाफ पुलिस ने जालसाजी और धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
करोड़ों के घोटाले का आरोप
सचिव का आरोप है कि इन लोगों ने अपने पद और कर्तव्यों का दुरुपयोग करते हुए मनमाने ढंग से 3 करोड़ 60 लाख 16 हजार रुपये की हेरा फेरी कर गबन किया था. जिसकी शिकायत इसके पूर्व विभागीय कार्रवाई किए जाने पर इन सभी लोगों ने गबन धनराशि की वापसी अपने-अपने हिस्से की ब्याज समेत जमा करने के लिखित अनुबंध सोसाइटी में दिए थे, लेकिन इसके बावजूद इन लोगों ने टालमटोल करते हुए अनुबंध का उल्लंघन किया.
69 अधिकारी-कर्मचारियों पर केस
यह बड़ा घोटाला 1997 से 2020 तक हुआ. जिसके जरिए 4 करोड़ 90 लाख 8373 रुपए गबन किए गए. अब इस मामले में इंडियन बैंक के सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने इंडियन बैंक के ही 69 अधिकारियों और कर्मचारियों पर गोंडा के नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवा दिया है.
क्या बोले सचिव?
इतना ही नहीं सचिव ने यह भी आरोप लगाया कि इन लोगों ने घोटाले का पैसा नहीं जमा किया जो अब मौजूदा समय में 4 करोड़ 90 लाख 8373 रुपए घोटाले की रकम हो गई है, जो गंभीर वित्तीय अनियमितता एवं अपराध से संबंधित है. नगर कोतवाली पुलिस द्वारा सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव के तहरीर पर इन सभी 69 नामजद इंडियन बैंक के अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज लिया और पूरे मामले की जांच उपनिरीक्षक सोनू कुमार को सौंप दी गई है.
जांच के बाद कार्रवाई
गोंडा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके पूरे मामले को लेकर के जांच शुरू की गई है. साक्ष्य संकलन की कार्रवाई करने के बाद इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ गोंडा नगर कोतवाली पुलिस और विवेचक सोनू कुमार द्वारा कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर काशी पहुंचे सीएम योगी, अन्य नेताओं संग की देशहित की कामना
