ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक युवती की शादी के 3 महीनों बाद संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने ससुराल पक्ष के ऊपर हत्या का आरोप लगाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

युवती की संदिग्ध मौत
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. ग्रेटर नोएडा में रहने वाली एक 22 साल की युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जिसके बाद युवती की मां ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपयों की प्रॉपर्टी के लालच में आकर उनकी बेटी की हत्या की गई है. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. युवती ने इस घटना से पहले अपनी मां को कॉल भी किया था.
3 महीने पहले हुए थी शादी
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी गांव की है. पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 22 साल की मोनिका नागर के रूप में की गई है. मृतका की 3 महीने पहले ही शादी हुई थी. बताया जा रहा है कि मोनिका अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहती थी और उसने कुछ समय बाद घोड़ी बछेड़ा के रहने वाले अनुज चौहान के साथ कोर्ट मैरिज की थी. यह शादी दोनों के परिजनों की सहमति के बाद हुई थी.
मौसेरे भाई को सुनाई आपबीती
बताया जा रहा है कि कोर्ट मैरिज के बाद दोनों के बीच में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद होने लगा. 7 मई को मोनिका ने अपने मौसेरे भाई को कहा था कि उसका पति और परिजन उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. जिसके बाद जब मोनिका के परिजन उसके ससुराल अनुज के घर पहुंचे तो पता लगा कि उन लोगों ने मिलकर मोनिका की हत्या कर दी है. इस घटना की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई.
प्रॉपर्टी के कारण हत्या
मामले की सूचना मिलते ही दादरी पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मृतका के परिजनों का कहना है कि आरोपी शादी के बाद से प्रॉपर्टी को अपने नाम पर करने के लिए दबाव बना रहा था. गुरुवार को शाम के समय युवती ने अपनी मां को कॉल करके भी बताया था कि उसके ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में AC सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग! कई वाहन जलकर खाक; 80 साल के बुजुर्ग की मौत
