धनबाद में अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हुआ है. यहां मिट्टी चट्टान धंसने से 2 महिलाओं की मौत हो गई. वहीं और भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.
झारखंड में धनबाद जिले में बड़ा हादसा हुआ है. जिले के बाघमारा प्रखंड में अवैध कोयला खनन के दौरान रामकनाली ओपी क्षेत्र के कुम्हार पट्टी रोड में अचानक चाल धंसने से मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. हादसे में मलबे से निकाली गई दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल थीं. हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों महिलाओं की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों ने हटाया मलबा
जानकारी के मुताबिक स्थानीय ग्रामीणों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, तो सब लोग तुरंत ही बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया. इस घटना के बाद मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका के चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है. ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की.
नीचे गिरा मिट्टी-चट्टान का हिस्सा
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह कुछ महिला और पुरुष अवैध सुरंगों में घुसकर कोयला को काटने का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज आवाज हुई और मिट्टी के साथ चट्टानों का बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा. जिसके बाद देखते ही देखते कई लोग मलबे की चपेट में आ गए. चाल धंसते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. लोगों ने जब शोर सुना तो वे घटनास्थल की ओर दौड़े. इसके बाद ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. ग्रामीणों ने इस दौरान दो महिलाओं को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला.
रास्ते में हुई मौत
घायल महिलाओं को तुरंत ही इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, हालांकि रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई. हादसे की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई. फिलहाल स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य जारी है. घटना ने एक बार फिर धनबाद के कोयलांचल क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध कोयला खनन और उसकी वजह से पैदा होने वाले जानलेवा खतरे को सामने ला दिया है. संकरी और असुरक्षित सुरंगों में लोगों के उतरने से हादसे की आशंका बनी रहती है.
