शामली पुलिस ने जयपुर से एक बाउंसर महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने महिला को जेल भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक महिला ने लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बनकर जाट महासभा के कार्यकर्त्ता को जान से मारने की धमकी दी थी.
उत्तर प्रदेश के शामली की पुलिस ने एक महिला बाउंसर को गिरफ्तार करके जेल भेजा है. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार महिला बाउंसर बिंदु पर आरोप है कि उसने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बनकर एक युवक मुकुल चौधरी को मैसेंजर के जरिये जान से मारने की धमकी दी. आपको बता दें कि ये पूरा प्रकरण शामली के सबसे चर्चित हरियाणी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ा हुआ है.
आहत होकर किया मैसेज
जानकारी के मुताबिक मुकुल चौधरी जाट महासभा से जुड़े हुए हैं. मामले की शुरुआत हरियाणवी गायक अंकित बालियान की तेरहवीं के बाद हुई थी. मुकुल के एक इंटरव्यू की क्लिप वायरल हुई थी, जिसमें उन्होंने कुछ शब्द लॉरेंस विश्नोई को कहे थे. उनके शब्दों से बिंदु आहत हो गई और मुकुल चौधरी को मैसेंजर के माध्यम से जान से मारने की धमकी दे डाली.
जयपुर से गिरफ्तार की महिला
आपको बता दें कि मुकुल को जब ये धमकी मिली तो उन्होंने साीधे शामली पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस हरकत में आई और अकाउंट का पता किया. जांच के बाद पुलिस ने बिंदु नाम की महिला को जयपुर से अरेस्ट कर लिया. बताया जा रहा है कि महिला जयपुर में बाउंसर की नौकरी करती थी और बिहार की रहने वाली है. महिला की शादी 8 साल पहले हुई थी और इसके 4 बच्चे भी हैं.
हाथ पर गुदवाया टैटू
जानकारी के मुताबिक महिला अपने पति से काफी समय अलग रह रही है. महिला लॉरेंस बिश्नोई की फैन बताई जा रही है और मन ही मन उसको अपना पति मान रखा है. बड़ी बात ये है कि महिला आज तक लॉरेस से नहीं मिली है, लेकिन फिर भी महिला मन ही मन उसको अपना पति माना हुआ है. यही नहीं लॉरेंस का नाम तक अपने हाथ पर गुदवा रखा है.
पुलिस की गिरफ्त में महिला
फिलहाल आरोपी महिला पुलिस की गिरफ्त में है. शामली के एसपी N. P सिंह ने बताया कि मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला बिंदु को गिरफ्तार कर लिया गया है. महिला ने पूछताछ के दौरान बताया कि वो लॉरेंस बिश्नोई से बहुत प्यार करती है. हिंदुस्तान में कोई भी लॉरेंस के खिलाफ बोलेगा तो वो उसके खिलाफ खड़ी हो जाएगी.
