उरई (जालौन): जालौन जनपद में उरई नगर पालिका परिषद की जांच के लिए गठित त्रिस्तरीय जांच समिति में जिलाधिकारी द्वारा बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है. जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने पूर्व में जारी किए गए आदेश में संशोधन करते हुए चर्चित आईएएस (IAS) अधिकारी और उप निदेशक स्थानीय निकाय रिंकू सिंह राही को इस जांच समिति से बाहर कर दिया है.
राकेश कुमार सोनी बने नए सदस्य
जारी किए गए नए और संशोधित आदेश के तहत अब आईएएस रिंकू सिंह राही की जगह अपर जिलाध्यक्ष (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार सोनी को तीन सदस्यीय जांच समिति का नया सदस्य नामित किया गया है. इस बदलाव के बाद अब एडीएम फाइनेंस राकेश कुमार सोनी समिति के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उरई नगर पालिका से जुड़े मामलों की विस्तृत जांच करेंगे.
क्या है मामला?
उरई नगर पालिका परिषद में वित्तीय व प्रशासनिक गड़बड़ियों की शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी द्वारा तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया था। इस समिति में पूर्व में आईएएस रिंकू सिंह राही को शामिल किया गया था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से डीएम ने संशोधित आदेश जारी कर उन्हें समिति से मुक्त कर दिया है. नए सदस्य के जुड़ने के साथ ही अब जांच प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के लिए आपत्तिजनक कंटेंट बनाने वालों पर होगी कार्रवाई, Meta इंडिया हेड समेत कई अकाउंट पर केस दर्ज
