राजस्थान की राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार स्लीपर बस ने लाइन में खड़े वाहनों को टक्कर मार दी. इस दौरान 4 से 5 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं और 6 लोग घायल हुए हैं. घायलों में से एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं.

तेज रफ्तार बस का कहर
राजस्थान की राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार की कहर एक बार फिर दिखाई दिया है. जयपुर में VIP मूमेंट के लिए रुके हुए वाहनों में शनिवार शाम को एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने टक्कर मार दी. जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार बस ने 4 कारों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं. इस दौरान 6 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
VIP मूमेंट के लिए रोके गए थे वाहन
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस के मुताबिक जयपुर के सीकर रोड पर सनसिटी के पास में VIP मूमेंट को लेकर शाम के लगभग 6.15 बजे के आसपास ट्रैफिक को रुकवाया गया था. इस दौरान वाहन बड़ी संख्या में लाइन से खड़े थे. इसी बीच जयपुर से सीकर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने वाहनों को टक्कर मार दी.
वाहन के अंदर फंसे लोगों को निकाला बाहर
बताया जा रहा है कि बस की स्पीड इतनी तेज थी कि 4-5 गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त इस दौरान टक्कर लगने से एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई. इस दौरान वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. क्षतिग्रस्त हुए वाहनों के अंदर फंसे हुए लोग बुरी तरह से चीख-पुकार मचाने लगे. जिसके बाद हरमाड़ा थाना पुलिस ने वाहनों के अंदर फंसे हुए लोगों को मशक्कत करके बाहर निकाला.
ड्राइवर से नहीं लगा ब्रेक
पुलिस ने लोगों को बाहर निकालकर इलाज के अस्पताल भेजा. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर से सीकर की तरफ एक प्राइवेट बस सवारियों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान तेज स्पीड के कारण चालक ब्रेक नहीं लगा पाया और बस पीछे से जाकर गाड़ियों में घुस गई. इस हादसे में 4 से 5 वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं और 6 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. घायलों में से एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं.
यह भी पढे़ं- पैसों के विवाद ने लिया खूनी रूप! युवक की गला रेतकर हत्या; CCTV खंगाल रही पुलिस
