जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने आतंकियों की मदद करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से हैंड ग्रेनेड और कुछ आतंकी पोस्टर बरामद किए हैं.

कुलगाम से आतंकियों का मददगार गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां लगातार आतंकवाद के खिलाफ अभियान चला रही हैं. इसी सिलसिले में कुलगाम जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. जानकारी के मुताबिक कुलगाम में पुलिस ने आतंकियों के एक मददगार को गिरफ्तार किया है. इस दौरान पुलिस ने उसके पास से हथियार और आतंकी प्रचार की सामग्री को बरामद किया है.
अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां
सुरक्षा एजेंसियां इस कार्रवाई के बाद सतर्क मोड पर आ गई हैं. आतंकियों की मदद करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आदिल हुसैन लोन के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि आरोपी कुलगाम के मोहम्मदपोरा इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया है.
हैंड ग्रेनेड और पोस्टर बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर गिरफ्तार किया है. आरोपी की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 2 हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं. जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता काफी बढ़ गई है. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुछ आतंकी पोस्टर भी बरामद हुए हैं. मामले की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि इन पोस्टरों का इस्तेमाल युवाओं को भड़काने के लिए और आतंकी गतिविधियों के प्रचार के लिए किया जा सकता था.
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
आरोपी के पास से बरामद की गई सामग्री को पुलिस ने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी किन संगठनों से जुड़ा हुआ था. इस मामले को लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुलगाम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े हुए दूसरे लोगों की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में फिर बम धमकी से दहशत! स्कूलों और CM ऑफिस के साथ निशाने पर रेल ट्रैक; प्रशासन अलर्ट
