कर्नाटक से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. कर्नाटक में मंगलुरु में एक मजदूर के ऊपर हमला करने के मामले में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि आरोपियों को शक था कि पीड़ित व्यक्ति अवैध रूप से रहने वाला बांग्लादेशी नागरिक है.
झारखंड का रहने वाला है युवक
कर्नाटक के मंगलुरू में झारखंड राज्य के एक प्रवासी मजदूर के ऊपर बांग्लादेशी नागरिक समझकर हमला करने का मामला सामने आया है. पूरी घटना रविवार को शहर के बाहरी इलाके कुलूर में हुई है. आरोपियों को शक था कि मजदूर अवैध तरह से यहां रह रहा है और वह बांग्लादेशी नागरिक है. इस पूरे मामले में पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पिछले 15 सालों से कर रहा मंगलुरु में काम
पुलिस के मुताबिक पीड़ित लगभग 10 से 15 सालों से लगातार मंगलुरु में एक प्रवासी मजदूर की तरह रह रहा है. वह रह साल काम करने के लिए लगभग 4 से 6 महीनों तक शहर में ही रहता है. पीड़ित के मुताबिक पहले आरोपियों ने उसको रोका और उसकी नागरिकता के बारे में पूछने लगे. पीड़ित ने कई बार कहा कि वह भारतीय है, लेकिन इसके बाद भी आरोपी उसे परेशान करते रहे और उससे पहचान पत्र दिखाने की मांग करने लगे.
आरोपियों ने मजदूर पर किया हमला
पीड़ित युवक ने जब आरोपियों की बात मानने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने उस पीड़ित से ही हथियार लेकर उसके ऊपर हमला कर दिया. आरोपियों ने युवक के सिर पर हमला किया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा और पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें आईं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित को बचाने में एक स्थानीय महिला ने मदद की, जिसके बाद उसे आरोपियों की गिरफ्त से छुड़ाया गया.
पीड़ित नहीं गया पुलिस के पास
पुलिस के मुताबिक मजदूर दूसरे राज्य का होने के डर से तुंरत पुलिस के पास नहीं गया, लेकिन बाद में स्थानीय नेताओं ने जब कार्रवाई की मांग की तो इस मामले में पुलिस की कार्रवाई शुरू हुई. पूरे मामले की जांच करने के बाद में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित भारतीय नागरिक है और वह रोजगार के लिए कर्नाटक के मंगलुरु आया था.
संगीन धाराओं में मामला दर्ज
इस पूरे मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 109, 352, 351(3), 353, 118(1) r/w 3(5) के साथ में कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी कुलुर के रहने वाले हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दे दिए गए हैं.
