कर्नाटक में NDA नेताओं ने SIR में गड़बड़ी को लेकर राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी को शिकायत सौंपी है. उन्होंने कहा कि इस अभियान में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की जा रही हैं. नेताओं ने इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है.

कर्नाटक में SIR में गड़बड़ी का आरोप
चुनाव आयोग मतदाताओं की वैधता जांचने के लिए SIR अभियान चला रहा है. अब सोमवार को नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी को शिकायत सौंपी है. इस शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की जा रही हैं.
सामूहिक रूप से भरे जा रहे फॉर्म
नेताओं ने आरोप लगाया कि बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सत्यापन नहीं कर रहे हैं, बल्कि कम्युनिटी हॉल, मस्जिदों और अधिकारियों के घरों में सामूहिक रूप से फॉर्म भरे जा रहे हैं. आरोप लगाया गया है कि व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाकर लोगों को शिविरों में बुलाया जा रहा है. नेताओं के मुताबिक इससे मतदाता लिस्ट में गड़बड़ी हो रही है.
घर-घर जाकर जांच की मांग
मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र सौंपकर NDA नेताओं ने मांग की है कि सभी गणना फॉर्मों की दोबारा घर-घर जाकर जांच की जाए. साथ ही गड़बड़ी में शामिल होने वाले अधिकारियों और नेताओं पर कार्रवाई करने की मांग भी की गई है. शिकायत सौंपते हुए नेताओं ने पत्र में लिखा कि कर्नाटक राज्य में मतदाता लिस्ट के SIR से जुड़े कार्य में बड़े स्तर पर अनियमितता बरते जाने पर गंभीर चिंता जताते हुए यह पत्र लिख रहे हैं.
अधिकारियों पर आरोप
पत्र में लिखा कि SIR करने वाले अधिकारी स्वीकृत प्रक्रिया की बिल्कुल परवाह नहीं कर रहे हैं, जिससे लोकतंत्र की भावना कमजोर हो रही है. नेताओं ने पत्र में लिखा कि इसके सबूतों को भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है और मीडिया ने भी इसे दिखाया है. उन्होंने कहा कि राज्य के कई हिस्सों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं. नेताओं ने इसको लेकर कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें- दान चोरी मामले में CBI जांच की मांग! इलाहाबाद हाईकोर्ट ने याचिका को किया खारिज; अब आगे क्या?
