मध्य प्रदेश से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें आरोपी की कमजोरी उसकी गिरफ्तारी की वजह बन गई. दरअसल सर्राफा दुकान में एक चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और गुटखा खाने की लत के कारण वह पुलिस की पहचान में आ गया.
मध्य प्रदेश के रीवा जिले का मामला
मध्य प्रदेश से एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है. मध्य प्रदेश के रीवा में एक चोर ने सर्राफा दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, लेकिन उसकी गुटखा खाने की लत के कारण पुलिस उसके पास तक पहुंच गई. आपको बता दें कि सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 6 जनवरी को एक सर्राफा दुकान में चोरी की घटना सामने आई थी. जिसके बाद पुलिस ने चोर की सबसे बड़ी लत की मदद से उसको गिरफ्तार किया है.
व्यापारी ने दी पुलिस को जानकारी
6 जनवरी को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के उपरहटी में एक सर्राफा दुकान में चोरी की घटना सामने आई थी. आपको बता दें कि सर्राफ व्यापारी विनोद कुमार खंडेलवाल अपने घर का दरवाजा बंद करके मोहल्ले में कुछ सामान लेने गए थे. इसी बीच चोर घर में घुसकर दुकान तक पहुंच गया और वहां मौजूद चांदी के गहने लेकर मौके से फरार हो गया. जब जेवर लेकर चोर भागा तो उस दौरान कुछ जेवर उसके पास से गिर गए, जिसकी मदद से व्यापारी को चोरी होने की घटना की जानकारी मिली.
CCTV कैमरे में गुटखा खाते दिखा चोर
इस मामले की सूचना मिलने के बाद में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी. जब सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल और आसपास में मौजूद CCTV कैमरों की जांच की, तो इसी बीच पुलिस को चोर अपना नकाब ऊपर करके गुटखा खाते दिखाई दिया. आरोपी ने जैसे ही गुटखा खाने के लिए मुंह खोला, तो उसका चेहरा कैमरे में कैद हो गया.
आरोपी का साथी भी गिरफ्तार
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेश सैनी के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि इस वारदात में उसका साथी चिराग बाधवानी उर्फ चीकू भी शामिल था. जिसके बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 3 लाख रुपए के चोरी किए गए जेवर बरामद किए हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपियों से यह भी पूछताछ की जा रही है कि वे लोग चोरी की और घटनाओं में भी तो शामिल नहीं हैं.
