मध्य प्रदेश के रतमाल में आलोट के पास में त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) में भीषण आग लग गई. इस घटना के दौरान कोच में 68 यात्री सवार थे.

राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह बड़ी घटना हुई है. रतलाम जिले में आलोट के पास में त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) में भीषण आग लग गई. जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह लगभग 5.30 बजे के आसपास हुआ है. बताया जा रहा है कि यह घटना कोटा रेल मंडल के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई है.
दिल्ली जा रही थी ट्रेन
जानकारी के मुताबिक एक्सप्रेस ट्रेन राजधानी दिल्ली की तरफ जा रही थी. बताया जा रहा है कि ट्रेन में आग इसके एसी कोच बी-1 (B-1) से शुरू हुई थी. जिसके बाद देखते ही देखते इस आग ने 2 और भी डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटों को उठता देखकर ट्रेन में रेलवे के हूटर बजने लगे. इस घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यात्रियों में मचा हड़कंप
इस घटना के बाद रेलवे विभाग तुरंत ही हरकत में आ गया. आग लगते ही हूटर बजने लगे, जिससे ट्रेन में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया. हालांकि आपको बता दें कि रेलवे स्टाफ और यात्रियों की समझ के चलते समय रहते ही कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित रूप से ट्रेन के बाहर निकाल लिया गया. बताया जा रहा है कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
हरकत में आया रेलवे प्रशासन
राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना से किसी भी तरह की हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है. इस घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया और रतलाम से दुर्घटना राहत ट्रेन (ART/ARME) के साथ टॉवर वैगन को राहत और बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर भेजा गया. इस मामले में शुरुआती जांच में सामे आया है कि ट्रेन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है. इस घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ ट्रेनों का परिचालन अस्थाई रूप से प्रभावित हुआ है. फिलहाल मामले में जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- एकतरफा प्यार में दरिंदा बना युवक! युवती को पेड़ से बांधकर बुरी तरह पीटा; मुंह से काटे नाजुक अंग
