महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के सांसद बागी हो गए हैं. अब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उन्हें अपने गुट में लाने की तैयारी कर रहे हैं. एकनाथ शिंदे बागी सांसदों को अपने साथ लाने के लिए काफी जल्दी में हैं.

शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते बागी सांसद
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) एक बार फिर से टूटने की कगार पर आकर खड़ी हो गई है. जानकारी के मुताबिक उद्धव गुट के 7 बागी सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं. इस समय यूबीटी के सभी बागी सांसद राजधानी दिल्ली में मौजूद हैं. बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे के आवास पर यूबीटी के बागी सांसदों की बैठक हो सकती है और ये सभी सांसद 21 जून को शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं.
कैबिनेट बैठक में जल्दबाजी में दिखे शिंदे
आपको बता दें कि यह पूरी घटनाक्रम पिछले लगभग 24 घंटों में तेजी के साथ बदला है. मंगलवार को कैबिनेट बैठक के दौरान एकनाथ शिंदे बेहद जल्दी में थे और उन्हें मंत्रालय से तेजी से बाहर जाते हुए देखा गया. बताया जा रहा है कि शिवसेना के स्थापना दिवस से पहले इन सभी सांसदों को साथ लाने का कार्यक्रम किया गया, जिससे मंच पर एकजुटता दिखाई जा सके.
ओम बिरला से जयपुर जाकर की मुलाकात
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को यूबीटी के 7 बागी सांसदों के अपने साथ लाने की काफी जल्दी है. एकनाथ शिंदे ने जयपुर जाकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की है. सूत्रों की मानें तो शिंदे ने ओम बिरला को अलग संसदीय गुट के गठन को लेकर पत्र सौंपे जाने की जानकारी दी है. हालांकि बाद में इस बात को खारिज किया गया और अब खबर आई है कि ओम बिरला और एकनाथ शिंदे के बीच में जयपुर में कोई बैठक नहीं हुई है.
कौन हैं उद्धव ठाकरे के बागी सांसद?
- संजय दीना पाटिल
- राजाभाऊ (पराग) प्रकाश वाजे
- भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे
- ओमराजे निंबालकर
- नागेश पाटील आष्टीकर
- संजय उत्तमराव देशमुख
- संजय (बंडू) जाधव
उद्धव के पास हैं 9 सांसद
आपको बता दें कि 14 जून को मुंबई के मातोश्री में हुई यूबीटी सांसदों की बैठक के दौरान उद्धव ठाकरे ने कहा था कि जिन सांसदों को भी छोड़कर जाना है वे जा सकते हैं. इस दौरान बैठक में 5 सांसद नहीं आए थे, जिनमें संजय जाधव, नागेश पाटील अष्टीकर, ओम्राजे निंबालकर, भाऊ साहेब वाकचौरे और संजय देशमुख जैसे नाम शामिल हैं. आपको बता दें कि उद्धव ठाकरे के पास 9 सांसद हैं, जिनमें से 7 सांसद बागी हो गए हैं. अब उनके पास 2 सांसद बचेंगे.
यह भी पढ़ें- हर एक को 15 करोड़… बागी सांसदों पर संजय राउत का दावा; महाराष्ट्र में तेज हुई सियासी हलचल
