महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के बागी सांसद को लेकर सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सांसदों को 15-15 करोड़ रुपए का ऑफर दिया जा रहा है. उन्होंने इसको लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.

यूबीटी के 7 सांसदों के पाला बदलने की चर्चा
महाराष्ट्र की राजनीति में उथल-पुथल शुरू हो गई है. अब एक बार फिर उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) UBT को झटका लगने की खबरें सामने आने लगी हैं. पिछले कुछ दिनों से UBT के 7 सासंदों के पाला बदलने को लेकर चर्चाएं हो रही थीं. ये सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेताओं के संपर्क में हैं, जिससे दोबारा से शिंदे उद्धव गुट पर सर्जिकल स्ट्राइक कर सकते हैं.
15-15 करोड़ का ऑफर
अब UBT के सांसद संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया है. संजय राउत ने कहा कि सांसदों को पाला बदलने के लिए 15-15 करोड़ रुपयों का ऑफर दिया जा रहा है. संजय राउत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ‘अपना अपना मनी मनी! सांसदों को खरीदने के लिए 15 करोड़ रुपए एडवांस दिए जा रहे हैं. यह जानकारी घिनौनी और चौंकाने वाली है.
राज्य में बड़े खेल की तैयारी
आपको बता दें कि सांसद संजय राउत ने इस पोस्ट के बीच में बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस को भी टैग किया है. शिंदे के इस ऑपरेशन को ऑपरेशन टाइगर नाम दिया गया है, जिसको लेकर संजय राउत ने कहा था कि यह एक अफवाह है और हम ऑपरेशन वुल्फ करेंगे. अब संजय राउत की पोस्ट से सामने आ रहा है कि राज्य में बड़ा खेल होने की तैयारी हो रही है.
दिल्ली पहुंचे एकनाथ शिंदे
शिवसेना के प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली पहुंच गए हैं. वहीं उद्धव गुट के कुछ सांसद भी दिल्ली पहुंचे हैं. ऑपरेशन टाइगर की चर्चाओं के बीच शिंदे का दिल्ली दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. UBT के 9 सांसदों में से 6 सांसद अलग गुट बनाएंगे और सूत्रों के मुताबिक ये लोग एकनाथ शिंदे की पार्टी में शामिल हो सकते हैं.
शिंदे गुट में विलय कर सकते सांसद
सूत्रों के मुताबिक 17 जून को उद्धव ठाकरे गुट के सांसद श्रीकांत शिदे के आवास पर बैठक कर सकते हैं. खबर है कि इस दौरान एकनाथ शिंदे भी मौजूद रह सकते हैं. इस बैठक के बाद सभी सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करने की उम्मीद जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि 6 बागी सांसद अलग गुट बनाकर शिवसेना (शिंदे गुट) में विलय कर सकते हैं. 19 जून को शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस से पहले उद्धव ठाकरे को झटका दिया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- यह मातम का अवसर…, मोहर्रम पर शस्त्र प्रदर्शन पर सीएम योगी सख्त; हथियारों और डीजे पर लगी रोक
