उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बीते दिनों एक युवक को बच्चा चोरी के शक में पुलिस को सौंपा गया था. अब पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक बच्चे को चुरा नहीं रहा था. युवक नवजात बच्चे के कान में अजान पढ़ रहा था.

बच्चे को चुराने की कोशिश
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मौजूद सरकारी महिला चिकित्सालय से बच्चा चोरी की अफवाह सामने आई थी. अब इस मामले में हो रही पुलिस जांच में एक नया मोड़ आया है. आपको बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा था अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से एक युवक ने नवजात बच्ची को चुराने की कोशिश की थी, जिस दौरान परिजनों और सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया था. जिसके बाद इस मामले में जांच की जा रही थी.
पुलिस ने दिया जबाव
मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने इस मामले की जब जांच की तो सच्चाई कुछ और ही निकल आई. पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची चोरी का कोई मामला नहीं हुआ था. पुलिस ने बताया कि यह घटना एक गलतफहमी के कारण हुई थी. पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़ा गया युवक बच्चा चोर नहीं था.
पूछताछ के दौरान सच आया सामने
पुलिस ने बताया कि युवक बच्चे की मां की मौजूदगी में उसके कान में अजान पढ़ रहा था. इस दौरान अजनबी व्यक्ति को देखकर वहां के लोगों को शक हुआ और सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. जिसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान बच्चा चोरी या किसी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है.
अजान पढ़ रहा था युवक
इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्जिकल वार्ड में भर्ती प्रसूता के नवजात बच्चे के पास पहुंचे युवक का मकसद बच्चे को चुराना या उसे नुकसान पहुंचाना नहीं था. पुलिस के मुताबिक युवक मां की परमिशन के बाद धार्मिक रीति-रिवाज के तहत बच्चे के कान में अजान पढ़ रहा था. इसी दौरान सुरक्षाकर्मी और वहां के लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया.
यह भी पढ़ें- पूर्व CM बीसी खंडूड़ी के निधन पर शोक में डूबा राज्य, अर्थी को कंधा देने पहुंचे सीएम धामी; बस्तर से लौटे वापस
