बिहार के मुजफ्फरपुर में एक स्कूल में दिव्यांग बच्चों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है. इस मामले में प्रशासन ने आरोपी कर्मचारी के ऊपर FIR दर्ज कर ली है. डीएम ने जांच के निर्देश दिए हैं.

स्कूल में दिव्यांग बच्चों से मारपीट
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के चर्च रोड पर मौजूद बागेश्वरी मूक-बधिर आवासीय विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई. अब इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. मामले को लेकर FIR दर्ज कर ली गई है.
मामले का वीडियो हो रहा वायरल
मामले में वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल के कर्मचारी बच्चों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. एक वीडियो में छात्र को दौड़ाकर पीटा जा रहा है, वहीं एक छात्र को बेड पर मारते हुए देखा जा रहा है. वहीं एक दूसरी वीडियो में एक छोटी बच्ची को पास में बुलाकर उसे पुरी तरह पीटा जा रहा है. इस घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया है और लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
स्कूल में रहते हैं 50 बच्चे
जानकारी के मुताबिक इस स्कूल में लगभग 50 दिव्यांग बच्चे हैं और इनमें कई किशोरियां भी हैं. इन्हीं बच्चों के साथ स्कूल में मारपीट की गई है. फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम सुब्रत कुमार सेन ने जांच समिति का गठन किया है. प्रशासन ने साफ किया है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े हुए मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मामले में हो रही जांच
वहीं इसी के साथ स्कूल प्रबंधन ने भी आरोपी कर्मचारी को हटाने की बात कही है. हालांकि प्रशासन ने इसे पर्याप्त नहीं माना है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे संस्थान की कार्यप्रणाली की जांच की जाएगी. इस मामले को लेकर स्कूल संचालक संजय कुमार और आरोपी कर्मचारी राजू कुमार के खिलाफ मिठनपुरा थाना में FIR दर्ज की गई है. फिलहाल मामले में जांच की जा रही है.
