namo bharat train extension: मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक 150 किलोमीटर लंबे रूट पर हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन चलाने के लिए जल्द ही सर्वे शुरू होने जा रहा है.

namo bharat train extension: मेरठ के मोदीपुरम से लेकर ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कोशिशों की वजह से इस बड़े प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिल गई है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस रूट के विस्तार पर पूरी सहमति बन गई है. इस पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए जमीन पर बहुत जल्द सर्वे का काम शुरू होने जा रहा है. इस ट्रेन के चलने से दिल्ली एनसीआर से सीधे उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थ स्थलों तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा.
आपको बता दें कि इसी साल फरवरी के महीने में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का सफर पहले ही शुरू हो चुका है. इसके बाद से ही मुख्यमंत्री धामी इस हाई स्पीड ट्रेन को मोदीपुरम से आगे ऋषिकेश तक बढ़ाने की लगातार मांग कर रहे थे. अपनी इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उन्होंने पिछले दिनों दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर एक खास प्रस्ताव सौंपा था. केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद अब इस ट्रेन को मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक चलाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.
इस बड़े रेल प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए दोनों राज्यों की सरकारों ने अपनी तरफ से कमर कस ली है. उत्तराखंड सरकार ने इस काम के लिए अपर सचिव रीना जोशी को अपना नोडल अधिकारी बनाया है, जबकि एनसीआरटीसी ने भी अपनी तरफ से अधिकारी तय कर दिया है. उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इस पूरे रूट के लिए अपनी लिखित मंजूरी दे दी है. अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल होने के बाद अब करीब 150 किलोमीटर लंबे इस नए रेल ट्रैक की डीपीआर बनाने के लिए सर्वे का काम शुरू किया जा रहा है.
योजना के मुताबिक नमो भारत ट्रेन का नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से आगे बढ़ेगा. यह ट्रैक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से होते हुए उत्तराखंड की सीमा में दाखिल होगा. इसके बाद ट्रेन रुड़की और हरिद्वार में हर की पैड़ी होते हुए ऋषिकेश के आखिरी छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगी. इस पूरे 150 किलोमीटर लंबे रेल रूट का 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश की सीमा में आएगा, जबकि बाकी बचा हुआ 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड राज्य के भीतर तैयार किया जाएगा.
इस ट्रेन के शुरू होने से उत्तराखंड आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और वहां के स्थानीय लोगों को आने जाने का एक बहुत ही शानदार और आधुनिक विकल्प मिलेगा. फिलहाल दिल्ली से सड़क के रास्ते ऋषिकेश पहुंचने में लोगों को कम से कम पांच से छह घंटे का लंबा समय लग जाता है. लेकिन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली नमो भारत ट्रेन के शुरू होने के बाद यह पूरा सफर सिर्फ ढाई से तीन घंटे में सिमट जाएगा. मुख्यमंत्री धामी का मानना है कि इस योजना से राज्य में पर्यटन और रोजगार के कई नए मौके पैदा होंगे.
