महाराष्ट्र के पुणे में एक 7 साल का बच्चा लिफ्ट के गेट और दीवार के बीच में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई. मासूम दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था इसी दौरान वह लिफ्ट में गया था. इस घटना के बाद सोसाइटी में शोक की लहर दौड़ गई है.

पुणे में दर्दनाक हादसा
महाराष्ट्र के पुणे से दिल को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके में मौजूद एक आवासीय सोसाइटी में हुई घटना एक परिवार के लिए पूरी जिंदगी का दर्द बन गया. बताया जा रहा है कि घर से खेलते हुए निकला मासूम एक दर्दनाक घटना का शिकार हो गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और इलाका स्तब्ध रह गया है.
अकेले लिफ्ट में चला गया मासूम
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात लगभग 10.30 बजे एक मासूम की मौत हो गई. मृतक की पहचान 7 साल के शिवांश शैलेश धूत के रूप में की गई है. मृतक निंबाजनगर में मौजूद ऋद्धि-सिद्धि अपार्टमेंट का रहने वाला था. मासूम सोसाइटी परिसर में दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था, इसी दौरान वह अकेले लिफ्ट में चला गया. जिसके कुछ समय बाद बच्चे के परिजन उसे ढूंढ़ने के लिए निकले थे.
दीवार और लिफ्ट के गेट के बीच फंसा मासूम
बताया जा रहा है कि काफी समय तक घर वापस न आने पर जब परिजनों ने बच्चे को ढूंढा तो सोसाइटी के लोगों को लिफ्ट के पास में कुछ अजीब चीज दिखाई दी. जिसके बाद पुलिस और फायर विभाग को मामले की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही सिंहगढ़ रोड पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद बचाव अभियान को शुरू किया गया. इस दौरान बच्चा लिफ्ट के कोलैप्सिबल गेट और दीवार के बीच फंसा हुआ मिला.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
फायर अधिकारी ने बताया कि बच्चा ग्राउंड और पहली मंजिल के बीच की जगह में बुरी तरह से फंस गया था. इस हादसे में के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया. बच्चे को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि लिफ्ट में घुसने के बाद बच्चा उसके बाहरी लकड़ी के दरवाजे और अंदर की ग्रिल के बीच फंस गया था.
यह भी पढ़ें- ‘मुझे बचा लो मां…’, शादी के 4 महीनों बाद युवती की मौत; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
