अयोध्या राम मंदिर से दान चोरी मामले में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और पॉलीग्राफ टेस्ट की मांग की है. फिलहाल इस मामले में SIT टीम जांच कर रही है.

दान चोरी मामले में लिखित शिकायत
अयोध्या के राम मंदिर में दान चोरी मामले में अब पुलिस को एक तहरीर दी गई है. जानकारी के मुताबिक संतोष दूबे नाम के एक व्यक्ति ने रामजन्मभूमि थाना में लिखित शिकायत दी है और दान-पात्र में चढ़ावे के गबन का आरोप लगाया है. शिकायत में दावा किया गया है कि मंदिर में रोजाना श्रद्धालु सोना, चांदी, गहने और बड़ी मात्रा में नकदी दान करते हैं.
मिलीभगत से हेरफेर का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ट्रस्ट से जुड़े हुए पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से मंदिर से करोड़ों रुपयों का हेरफेर हुआ है. शिकायत में दावा किया गया है कि 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की नकदी और सामान में हेराफेरी की गई है. मामले में आरोप है कि लेखा-बही में कूटरचना कर वास्तविक रकम छिपाकर चोरी और गबन को अंजाम दिया गया है.
प़ॉलीग्राफ टेस्ट की मांग
शिकायत के मुताबिक छोटे चोरों के पास से भी मंदिर से जुड़े सामान बरामद होने की जानकारी सामने आई. शिकायतकर्ता ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी और पॉलीग्राफ टेस्ट की मांग की है. इस दौरान शिकायतकर्ता ने रुपए, सोना-चांदी, आभूषण और सिक्कों की बरामदगी कर निष्पक्ष जांच करने की मांग उठाई है.
नाम लेकर लगाए गंभीर आरोप
आपको बता दें इस मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए शिकायतकर्ता संतोष दूबे ने कहा है कि इस मामले से राम भक्तों और हिंदू समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं काफी आहत हुई हैं. शिकायतकर्ता ने सीधे तौर पर चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपालजी राव और टिन्नू यादव का नाम लेकर उनके ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल इस मामले में SIT जांच की जा रही है.
यह भी पढे़ं- बिना डॉक्टर की पर्ची के नहीं मिल पाएगी कफ सिरप! सरकार ने बदल दिए नियम; क्या है वजह?
