अयोध्या: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज बैठक है. इस बैठक के स्थान में बदलाव किया गया है.ये मीटिंग दोपहर तीन बजे श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में होगी. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा हो सकती है. एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट पर चर्चा संभव है.
इस बैठक की अध्यक्षता महंत नृत्य गोपालदास करेंगे.
राम मंदिर के भविष्य के प्रबंधन ढांचे पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक मीडिया और प्राइवेसी के चलते ट्रस्ट की तरफ से ये फैसला लिया गया कि बैठक राम मंदिर परिसर के अंदर ही गेस्ट हाउस में हो. इसमें चंपत राय समेत सभी ट्रस्टी बुलाये गए हैं. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों से चर्चा के लिए मौजूद रहने को कहा है.
बैठक के दौरान कथित हेराफेरी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट के बारे में भी जानकारी दी जा सकती है और राम मंदिर के भविष्य के प्रबंधन ढांचे पर चर्चा हो सकती है. सूत्रों ने बताया कि 2025-26 वित्तीय वर्ष के लिए बिना ऑडिट वाली आय-व्यय रिपोर्ट, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय विवरण मंजूरी के लिए पेश किए जाएंगे.
महंत नृत्य गोपाल दास क्या होंगे शामिल
अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास इस समय अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं, जिसके कारण उनके शामिल होने की संभावना कम है. ऐसे में सक्रिय वोटिंग वाले सदस्यों की संख्या बेहद सीमित रह जाएगी, जिससे आज का समीकरण काफी उलझ गया है. जो सदस्य व्यक्तिगत रूप से नहीं आ पाएंगे, वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे.
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर विचार कर सकता है, जिन्होंने चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. अगर उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाते हैं, तो बैठक में ट्रस्ट के कामकाज के लिए नई प्रशासनिक व्यवस्था पर भी फैसला हो सकता है. विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव की भूमिका पर भी चर्चा होने की उम्मीद है. सूत्रों के मुताबिक बैठक में राम मंदिर के प्रबंधन की देखरेख के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी चर्चा होने की संभावना है.
सूत्रों ने बताया कि अभी ट्रस्ट में कोई उपाध्यक्ष नहीं है, जो अध्यक्ष की अनुपस्थिति में बैठकों की अध्यक्षता कर सके. पदेन सदस्यों में केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लेखंडे, उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, अयोध्या के ज़िलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा शामिल हैं.सूत्रों के अनुसार, एसआईटी और पुलिस दोनों ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के बयान दर्ज किए हैं. हालांकि, ट्रस्ट के इन तीनों पदाधिकारियों में से किसी के भी खिलाफ़ अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है
ट्रस्ट में अभी 11 नियमित सदस्य हैं, जिनमें अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्न तीर्थ, परमानंद गिरि, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, कृष्ण मोहन, दिनेन्द्र दास और के. परासरन शामिल हैं. चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है, जबकि ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा का निधन हो गया है.
ये भी पढ़ें; टिन्नू यादव का नाम ही था ‘पासवर्ड…’किसी के कहने पर’बदल दिए गए थे सख्त नियम-पूर्व कैशियर का बड़ा खुलासा
