छत्तीसगढ़ के रतनपुर क्षेत्र से एक चौंका देने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, यहां पर कुछ बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया है. हमले में 9 लोग घायल और 1 बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत हो चुकी है. बुजुर्ग महिला की पहचान मुराद बी के रूप में की गई है. इस मामले के बाद से पूरे इलाके में डर का माहौल है. मामला पेंडरवा ग्राम पंचायत की बताया जा रहा है.
मामले से मिली सूचना के अनुसार कुछ बदमाश अचानक ही घर में चाकू और तलवार लेकर घूस गए. इस हमले में बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को गंभीर रूप से चोट आई है. बदमाशों ने बच्चों तक पर बेरहमी से वार किया है. घायलों की पहचान शहनाज बेगम, रेहाना बेगम, परी परवीन, शेख सूहान, अलीशा परवीन, सना परवीन, शेख सब्बीर और आहिस्ता परवीन के रूप में की गई है. बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी है. वहीं, बाकी घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद के कारण हुआ है. आरोपी का नाम सुरेश श्रीवास है. दरअसल, आरोपी का पीड़ित पक्ष के एक व्यक्ति संग अपनी पूर्व पत्नी के संबंधों को लेकर विवाद था. इसी कारण से उसने ऐसा कदम उठाया. हालांकि , पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी और उसके दो पुत्रों को हिरासत में ले लिया है. जानकारी के मुताबिक परिवार वालों ने बताया कि इस घटना से एक दिन पूर्व पीड़ित परिवार आरोपी के खिलाफ में विवाद को लेकर शिकायत करने रतनपुर थाना पहुंचा था. पुलिस ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की. इसी कारण से उनको पुलिस की लापरवाही की इतनी बड़ी सजा भुगतनी पड़ी. पीड़ित परिवार ने पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगाया है.
ये भी पढ़ें: इस तारीख तक आ सकता है CBSE 10वीं रिजल्ट 2026, ऐसे देखें अपना रिजल्ट
