सहारनपुर में साली की शादी में शामिल होने गए व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक़ पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान व्यक्ति ने पत्नी के ऊपर हमला कर दिया और ख़ुद भी अपना गाला काटने की कोशिश की.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से हैरान कर देने वाले घटना सामने आई है. यहाँ साली की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी के मायके पहुंचे पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया. नानौता थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम घर की ऊपरी मंजिल स्थित कमरे में कहासुनी के बाद पति ने उस्तरे से पत्नी के गले पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आपको बता दे कि आरोपी पति ने भी उसी उस्तरे से अपनी गर्दन पर वार कर जान देने की कोशिश की. गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान 30 वर्षीय गजाला के रूप में हुई है. उसकी शादी लगभग 14 साल पहले कैराना निवासी 33 साल के इरफान से हुई थी. परिजनों के मुताबिक दंपती के कोई संतान नहीं थी और इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होता रहता था. हालांकि अभी तक घटना के बच्चे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है. इस को लेकर पुलिस लगातार जांच कर रही है.
भाई के कपड़े रख रही थी महिला
आपको बता दे कि गजाला की बहन नीलोफर की शादी 21 सितंबर को हुई थी. शादी में शामिल होने के लिए इरफान भी पत्नी के साथ नानौता स्थित उसके मायके आया था. गुरुवार को घर में शादी के बाद के कार्यक्रम चल रहे थे. गजाला अपने भाई सुहेल के पंजाब जाने की तैयारी में उसके कपड़े बैग में रख रही थी. इसी दौरान इरफान भी घर की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया. जिसके बाद कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. कुछ देर बाद गजाला के चीखने की आवाज सुनाई दी. परिवार के लोग कमरे की तरफ दौड़े तो आरोप है कि इरफान ने उस्तरे से गजाला के गले पर हमला कर दिया था.
महिला को किया मृत घोषित
जानकारी के मुताबिक़ परिजनों के कमरे की ओर पहुंचने के बाद इरफान ने खुद की गर्दन पर भी उस्तरे से वार कर लिया. परिवार के लोग दोनों को तत्काल सीएचसी नानौता लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने गजाला को मृत घोषित कर दिया, जबकि इरफान की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया.
परिवार के मुताबिक गजाला और इरफान की शादी के करीब 14 साल के बावजूद उनकी कोई संतान नहीं थी. परिजनों का कहना है कि इसे लेकर दंपती के बीच समय-समय पर विवाद होता था. पुलिस इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. इस घटना के बाद शादी वाले घर में शोक की लहर दौड़ गई है.
