पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी और PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में बाइक के पते पर छापेमारी की, लेकिन वहां कोई भी नहीं मिला.

चंद्रनाथ हत्याकांड में नया मोड़
पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी और PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अब इस मामले में पुलिस जांच में एक नया मोड़ आया है. इस घटना में इस्तेमाल की गई बाइक आसनसोल के बर्नपुर इलाके के एक पते से जुड़ी हुई थी, लेकिन जब पुलिस उस पते पर पहुंची तो सामने आया कि वहां न तो बाइक का रजिस्टर्ड मालिक मौजूद था और न ही बाइक मौजूद थी.
इस पते पर रजिस्टर्ड बाइक
पुलिस को वहां पर कुछ न मिलने के बाद शक पैदा होता है कि वाहन के रजिस्ट्रेशन की जानकारी फर्जी भी हो सकती है. जानकारी के मुताबिक रजिस्ट्रेशन नंबर WB44D1990 वाली बाइक पश्चिम बर्दवान RTO के तहत बिभाश कुमार भट्टाचार्य के नाम पर रजिस्टर्ड है. यह रजिस्ट्रेशन नंबर 4 मई साल 2012 को जारी किया गया था और 2 मई साल 2027 तक के लिए वैध है. इस नंबर का पता क्वार्टर नंबर AB 7/12, गुरुद्वारा रोड, बर्नपुर, हीरापुर, पश्चिम बंगाल दर्ज है.
साल 2014 से रहता है व्यक्ति
गुरुवार को जब मीडियाकर्मी इस पते पहुंचे तो वहां एक धर्मवीर कुमार नाम का व्यक्ति मिला. जिसने यह दावा किया कि वह साल 2014 से यहां पर रह रहा है और किसी भी बिभाश कुमार नाम के व्यक्ति को नहीं जानता है. धर्मवीर के मुताबिक यह क्वार्टर उन्हें कंपनी ने दिया है और उससे पहले खाली पड़ा हुआ था. उन्होंने इस बात से मना कर दिया कि बर्नपुर के पते पर उन्होंने कोई बाइक खरीदी या फिर बेची हो.
पुलिस कर रही मामले में जांच
धर्मवीर ने मीडिया से बातचीत के दौरान यह बताया कि गुरुवार को सुबह पुलिस भी उनसे पूछताछ करने के लिए घर पर आई थी. पुलिस जांच के मुताबिक हमलावर भागने के लिए रास्तों को अच्छे से जानते थे और उन्होंने इस घटना के लिए कम से कम 2 बाइक और एक कार का इंतजाम किया था. जानकारी के मुताबिक घटनास्थल पर हमले से पहले एक संदिग्ध वाहन भी देखा गया था. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और लगातार छापेमारी करके और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
