आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल बीजेपी में शामिल हो गई हैं. उन्होंने इस दौरान अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमले बोलते हुए पीएम मोदी की तारीफ की है.

स्वाति मालीवाल बीजेपी में शामिल
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पार्टी को छोड़ दिया है. उन्होंने शनिवार को पार्टी छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया है. आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के साथ में स्वाति मालीवाल का दशकों पुराना रिश्ता था, जिसके तोड़ते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भरोसा दिखाया है. इस दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल के ऊपर जमकर निशाना साधा है.
राघव चड्ढा ने किया था दावा
आपको बता दें कि इससे पहले कल यानी शुक्रवार को सांसद राघव चड्ढा और संदीप पाठक के साथ अशोक मित्तल बीजेपी में शामिल हुए थे और उन्होंने दावा किया था कि स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी जैसे 4 और भी सांसद बीजेपी में शामिल होंगे. अब स्वाति मालीवाल बीजेपी में शामिल हो गई हैं और उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए अरविंद केजरीवाल पर काफी हमले किए हैं.
केजरीवाल ने मुझे अपने घर में पिटवाया
बीजेपी में शामिल होने के बाद स्वाति मालीवाल ने कहा कि यह फैसला किसी भी दबाव में आकर नहीं लिया गया है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के विश्वास में आकर लिया है. इस दौरान उन्होंने केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि मैं साल 2006 से केजरीवाल के साथ में थी, उनके साथ हर आंदोलन में रही, लेकिन उन्होंने मुझे अपने ही घर में एक गुंडे से पिटवाया. उन्होंने कहा कि जब मैंने आवाज उठाई तब मुझे धमकाया और FIR वापस लेने का दबाव बनाया गया.
केजरीवाल महिला विरोधी
स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल को महिला विरोधी बताया है. उन्होंने कहा कि पिछले 2 सालों से संसद में एक भी बार बोलने का मौका उन्हें नहीं दिया गया है और यह बेहद शर्मनाक है. स्वाति मालीवाल ने कहा कि एक तरफ अरविंद केजरीवाल गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के लिए जाने जाते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ पीएम मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं. स्वाति मालीवाल ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देश के विकास के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं. मैंने BJP किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि इसलिए जॉइन की है क्योंकि मुझे PM मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है.
यह भी पढ़ें- CM भगवंत मान ने राष्ट्रपति से मांगा समय, बीजेपी में शामिल सांसदों की वापसी पर करेंगे बात
