अमेरिका के टेक्सास में मौजूद पोर्ट आर्थर की एक बड़ी तेल रिफाइनरी में भीषण आग लगी है. सोमवार देर रात तेज धमाका हुआ, जिसके बाद रिफाइनरी में भीषण आग लग गई.
तेल रिफाइनरी में लगी आग
अमेरिका के टेक्सास से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है. टेक्सास में मौजूद पोर्ट आर्थर की एक बड़ी तेल रिफाइनरी में भयंकर आग लगी है. बताया जा रहा है कि सोमवार को देर रात में रिफाइनरी के अंदर एक इंडस्ट्रियल हीटर में धमाका हुआ था, जिसके बाद भीषण आग लग गई. जैसे ही आग लगी, तो साइट से धुएं का काला और घना गुब्बारा निकलता हुआ दिखाई दिया.
380,000 बैरल तेल प्रोसेस करने की क्षमता
जानकारी के मुताबिक यह घटना वलेरो एनर्जी की रिफाइनरी में हुई है, यह रिफाइनरी रोजाना 380,000 बैरल तेल को प्रोसेस करने की क्षमता रखती है. आपको बता दें कि इस रिफाइनरी को अमेरिका की सबसे अहम तेल रिफाइनरी केंद्रों में से एक माना जाता है. अधिकारियों के मुताबिक इस रिफाइनरी में स्थानीय समय के मुताबिक शाम लगभग 6.30 बजे के आसपास एक तेज धमाका हुआ था.
आसपास भी सुनी गई गूंज
बताया जा रहा है कि यह धमाका इतनी तेज था कि इसकी आवाज पोर्ट आर्थर के साथ ग्रोव्स और नीदरलैंड जैसी जगहों पर भी महसूस की गई. धमाके के बाद सुरक्षा के तहत शहर के कुछ हिस्सों में नागरिकों के लिए शेल्टर-इन-प्लेस का आदेश जारी कर दिया गया. यहां लोगों को घर के अंदर रहने और और दरवाजे, खिड़कियों को बंद रखने की सहाल जारी की गई.
आपातकालीन टीमें मौके पर मौजूद
हालांकि अभी तक प्रशासन की तरफ से हादसे में किसी के घायल होने की या किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है. इस घटना को लेकर अभी तक वलेरो एनर्जी ने भी किसी तरह का कोई बयान जारी नहीं किया गया है. जानकारी के मुताबिक घटना के बाद से ही आपातकालीन टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग के ऊपर काबू पाने की कोशिश लगातार जारी है.
यह भी पढ़ें- ईरान ने मार गिराया अमेरिकी ड्रोन! शाहेद के समान कहा जाता है लुकास; हवा में निकल गई US की हवा
