UP Rain Alert: यूपी के मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में तेज तूफानी आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. फिलहाल तीन से 4 दिन से लगातार मौसम का रुख बदला हुआ है. गर्मी और लू से लोगों को राहत मिल रही है. आज यानी 13 जून को मौसम अपने रौद्र रूप में ही दिखेगा. मगर, 14 जून से गर्मी पड़ने की संभावना है.
यूपी का मौसम?
अगले 24 घंटे प्रदेश के 30 जिलों में आंधी-बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है. इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी समेत 40 जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है. नोएडा, गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान चलने की संभावना है. पश्चिमी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश (30% तक संभावना) हो सकती है, जिससे तपती गर्मी से राहत मिलेगी.
पश्चिमी और पूर्वांचल का मौसम
पश्चिमी यूपी यानी नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बरेली आदि में 60-80 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या समेत मध्य यूपी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. पूर्वांचल की बात करें तो (गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ आदि) में भी बादल छाने और छिटपुट बारिश के आसार हैं. दिन के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.
आने वाले दिन में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के बागपत, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, इटावा, जालौन, झांसी, चित्रकूट, महोबा, ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, बांदा, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली समेत कई जिलों में 13 जून को मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. 14 से 17 जून के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट बारिश जारी रहेगी.
जानिए तापमान का हाल
राज्य का अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि दोपहर के समय उमस के कारण तापमान 41°C से 42°C तक महसूस हो सकता है.
राज्य में कब पहुंचेगा मानसून?
फिलहाल मानसून अभी उत्तर प्रदेश तक नहीं पहुंचा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में इसकी रफ्तार धीमी रह सकती है. यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो पूर्वी यूपी में जून के तीसरे सप्ताह और पश्चिमी यूपी में उसके बाद मानसून पहुंच सकता है.
ये भी पढ़ें: हादसे का शिकार हुआ एयर फोर्स का विमान! लैंडिंग के बाद लगी आग; जोरहाट एयरबेस पर मचा हड़कंप
