उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक प्राचीन मंदिर से चोरी की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि लगभग 25 लाख रुपए के सामान की चोरी हुई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मंदिर से हो गई चोरी
उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. बाराबंकी में एक प्राचीन मंदिर से चोरी होने की वारदात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक चोर मंदिर से नगदी, सीसीटीवी के उपकरण और चांदी के आभूषण भी ले गए. मंदिर से चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 25 लाख रुपए के आसपास है. इस पूरी घटना के बाद से इलाके में काफी आक्रोश है.
मंदिर के पीछे से घुसे चोर
यह पूरा मामला बाराबंकी के अवसनेश्वर महादेव शिव मंदिर का है. मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गिरी के मुताबिक यह घटना रात के करीब 3 बजे के आसपास की है. उन्होंने बताया कि चोरों ने मंदिर के पीछे मौजूद मेन गेट का ताला तोड़ा और मंदिर के अंदर घुस गए. सभी चोर मंकी कैप पहने हुए थे, जिससे उन्हें पहचाना न जा सके. चोरों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान मंदिर के गर्भगृह को निशाना बनाया है.
दानपात्र तोड़कर चुराया कैश
जानकारी के मुताबिक चोरों ने शिवलिंग के ऊपर लगा हुआ चांदी का छत्र और शिवलिंग के चारों ओर लगी चांदी की परत के साथ में कई और भी चांदी के आभूषणों को चुरी लिया. इतनी ही नहीं चोरों ने दानपात्र को तोड़ा और वहां रखी हुई नगदी को भी चुरा लिया. इस वारदात को अंजाम देने के बाद में चोर मंदिर परिसर में लगे हुए सीसीटीवी सिस्टम को भी अपने साथ ही ले गए, जिससे उनकी पहचान किसी भी तरह से न हो सके.
खुलासे के लिए 3 टीमें हुई गठित
मंदिर के पुजारी शिवम गिरी जब पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तब यह घटना सामने आई. इसके बाद में तुरंत ही उन्होंने मंदिर प्रशासन और पुलिस को इस घटना की सूचना दी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. एडिशनल एसपी रितेश सिंह का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामले को दर्ज कर लिया गया है. इस घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की 3 टीमों को गठित किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- शब-ए-बारात पर कब्रिस्तान से उठे सवाल! आखिर अतीक अहमद, अशरफ और असद की कब्र पर किसने चढ़ाए फूल?
