Uttarakhand IAS Transfer: उत्तराखंड सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 10 IAS और 1 IFS अधिकारियों के तबादले कर कई अहम विभागों के सचिव बदल दिए हैं.

Uttarakhand IAS Transfer: उत्तराखंड सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में एक बड़ा फेरबदल किया है. शासन की ओर से जारी नए आदेश के तहत 10 आईएएस और 1 आईएफएस अधिकारी की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है. शुक्रवार देर रात कार्मिक विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक सूची जारी की. इस नए प्रशासनिक बदलाव से कई बड़े विभागों के कमान बदल गए हैं. सरकार का मकसद राज्य के काम काज को और ज्यादा असरदार बनाना है.
बड़े अफसरों को मिली नई जिम्मेदारियां
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटीं वरिष्ठ आईएएस अफसर ज्योति यादव को विद्यालयी शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है. वहीं आईएएस डॉ. पंकज कुमार पांडेय का कद बढ़ाते हुए उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज और विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है. इसके अलावा प्रमुख सचिव लालरिनलियाना फनाई से आबकारी विभाग वापस ले लिया गया है. अब आबकारी विभाग की कमान सचिव बीके संत को सौंपी गई है.
कई विभागों के बदले गए सचिव
नए फेरबदल के तहत सचिव रविनाथ रामन को परिवहन विभाग का सचिव और आयुक्त बनाया गया है. उनसे विद्यालयी शिक्षा विभाग वापस ले लिया गया है. वहीं आईएएस नितेश कुमार झा को पंचायती राज विभाग की अहम जिम्मेदारी मिली है. सचिव डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय को गन्ना विकास और चीनी उद्योग विभाग सौंपा गया है. इसके साथ ही आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते को पंचायती राज विभाग के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है.
प्रशासन को मजबूत करने की कवायद
सचिव युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन का अतिरिक्त प्रभार मिला है. आईएएस रणवीर सिंह चौहान को वित्त विभाग का काम काज सौंपा गया है. इसके अलावा आईएएस अभिषेक रूहेला को अपर सचिव राज्य संपत्ति और राज्य संपत्ति अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है. अधिकारियों के इस बड़े तबादले से राज्य शासन के काम काज में नई तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
