हाल ही में इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमला किया था. इसमें ईरान के मुख्य लीडर जान से हाथ खो बैठे थे. इसी बीच एक खबर और आ रही है. दरअसल, इन देशों के बीच बढ़ते तनाव में सामने आया है कि उत्तराखंड के तकरीबन 35 लोग ईरान में फंसे हुए है. बताया जा रहा है कि इनमें सबसे ज्यादा लोग हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र के हैं.
परिवार वालों में चिंता का माहौल
दरअसल, इन देशों के बीच हो रहे वॉर के बाद परिवार वालों में चिंता का माहौल बना हुआ है. वह फोन कॉल करके लगातार हालचाल लेते दिखाई दे रहे हैं.
हरिद्वार के मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने भारत सरकार से इस मामले पर हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने कहा कि ईरान की स्थिति को देखते हुए भारत सरकार को कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए. साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि मंगलौर क्षेत्र के 30 लोग ईरान में फंसे हुए हैं.
विधायक ने की अपील
विधायक ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि वहां पर अभी के समय मौजूद भारतीयों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के इंतजाम किए जाने चाहिए. साथ ही उनके रहने से लेकर खाने-पीने तक सभी सुविधाओं का इंतजाम होना चाहिए.
साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है कि जैसे ही वहां के हालात थोड़े से सामान्य हो, सभी ईरान में फंसे भारतीय लोगों को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए.
इसी बीच परिवार की चिंता को दूर करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में मौजूद सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर काम कर रही हैं. केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री कार्यालय से जैसे ही निर्देश मिलेगा. उसके बाद तुरंत कार्रवाई की जाएगी. विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और केंद्र सरकार द्वारा इस मुद्दे पर लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है. साथ ही उन्होंने परिवार वालों को भरोसा दिलाया कि वहां मौजूद सभी लोगों को जल्द से जल्द भारत लाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: खामेनेई की मौत पर भारत विदेश सचिव ने ईरानी दूतावास में जताया दुख, शोक पुस्तिका पर किए हस्ताक्षर
