Uttarakhand Weather:उत्तराखंड में इन दिनों कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ पहाड़ों की चोटियों पर बर्फ की फुहारें गिर रही हैं, तो दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में सूरज आग उगल रहा है. जहां एक तरफ चारधाम यात्रा शुरू हो गई है, वहीं मौसम विभाग ने 27 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने का अलर्ट दिया है. 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ के कपाट खुलने जा रहे हैं. राहत की बात यह है कि इन दो दिनों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा, लेकिन 24 अप्रैल से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम में फिर बदलाव ला सकता है. इस बदले मौसम के कारण ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में शाम होते ही ठंडक बढ़ जाएगी, जबकि निचले इलाकों में दिन भर की तपिश रातों को भी गर्म बनाए रखेगी.
कैसा है उत्तराखंड का मौसम
22 और 23 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 24 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से करवट लेगा. उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है तो वहीं देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में तपती गर्मी और लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे. पहाड़ों में जहां बिजली कड़कने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, वहीं मैदानी जिलों के बाशिंदों को फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, आने वाले 27 अप्रैल तक राज्य में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव होने की संभावना है. इस मौसमी उथल-पुथल के पीछे मुख्य कारण हिमालयी क्षेत्रों में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है.
तपेगा देहरादून, हरिद्वार
मैदानी जिलों की स्थिति पहाड़ों से बिल्कुल अलग रहने वाली है. जहां पहाड़ों में बादल बरसेंगे, वहीं देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में सूरज के तेवर तल्ख बने रहेंगे. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक इन मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.
24 से करवट लेगा मौसम
24 अप्रैल से मौसम फिर से सक्रिय होगा. जिसके बाद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की वापसी होगी. जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं, 25 अप्रैल को इन जिलों में कहीं-कहीं मध्यम वर्षा और गर्जना के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है.
जानें आने वाले दिनों का हाल
मौसम विभाग की मानें तो 26 अप्रैल को भी राहत के आसार कम हैं. इस दिन राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है. हालांकि, मैदानी जिलों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा. 27 अप्रैल को मौसम एक बार फिर बदलेगा. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. राज्य के बाकी जिलों में इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा. अगले 4-5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी.
